हाथरस प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड: आरोपित सगे भाइयों को दिल्ली पुलिस ने दबोचा, दोनों पर था 50 हजार का इनाम
हाथरस हत्याकांड के दो आरोपी भाई दिल्ली में गिरफ्तार हुए। दोनों आरोपियों पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने 50 हजार रुपये ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस की हिरासत में दोनों आरोपित। (सौ- दिल्ली पुलिस)
HighLights
हाथरस हत्याकांड के आरोपित दिल्ली में गिरफ्तार
दोनों आरोपियों पर था 50 हजार का इनाम
आरोपियों से अवैध हथियार बरामद
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। हाथरस (उत्तर प्रदेश) में छह अप्रैल को हुई प्रापर्टी डीलर व पत्रकार वेद प्रकाश उर्फ सोनू की हत्या के आरोपित दो सगे भाइयों को दिल्ली में गिरफ्तार कर लिया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
दिल्ली पुलिस ने आरोपित से इटली में निर्मित सेमी-आटोमैटिक पिस्टल दो कारतूस व देसी कट्टा व एक कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या प्रापर्टी को लेकर की गई थी। दोनों आरोपित मृतक पर अपनी प्रापर्टी बेचने के लिए दबाव बना रहे थे।
उत्तर-पश्चिम दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि दो संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर घूमने की अशोक विहार थाना पुलिस को सूचना मिली। आरोपित की लोकेशन का पता लगाकर उन्हें वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में ए-ब्लाक प्रेमबाड़ी ड्रेन के पास गिरफ्तार कर लिया।
दोनों की पहचान कमल शर्मा (38) एवं गौरव शर्मा (36) निवासी दिल्ली वाला चौक, हाथरस के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कमल शर्मा के कब्जे से एक .32 बोर सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल (मेड इन इटली) व दो कारतूस और गौरव शर्मा के कब्जे से एक .315 बोर देसी कट्टा व एक कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में अशोक विहार थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ में स्वीकारा गुनाह
जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपित ने हाथरस में प्रापर्टी डीलर व पत्रकार हत्याकांड में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
जांच में पुष्टि हुई कि दोनों आरोपित उक्त हत्या मामले में वांछित थे तथा उत्तर प्रदेश पुलिस ने दोनों पर 25-25 हजार रुपये इनाम घोषित किया गया था। दोनों आरोपित आदतन एवं सक्रिय अपराधी हैं तथा पूर्व में कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं।
