विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तरुण हत्याकांड: दहशत पर भारी पड़ा उत्साह, सुरक्षा के कड़े पहरे में ईद की खरीदारी से बाजार हुआ गुलजार

Published: Sat, 21 Mar 2026 02:45 AM (IST)

उत्तम नगर की हस्तसाल जेजे कॉलोनी में तरुण हत्याकांड के बाद तनाव कम हुआ है। ईद के मौके पर पुलिस ...और पढ़ें

सुरक्षा के कड़े पहरे में ईद की खरीदारी से बाजार गुलजार। जागरण

सुरक्षा के कड़े पहरे में ईद की खरीदारी से बाजार गुलजार। जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। उत्तम नगर के हस्तसाल जेजे कॉलोनी में हाल ही में हुए चर्चित तरुण हत्याकांड के बाद उपजे तनावपूर्ण माहौल के बीच अब जनजीवन पटरी पर लौटता दिखाई दे रहा है।

पुलिस प्रशासन की भारी मुस्तैदी और सुरक्षा के कड़े इंतजामों का ही असर है कि ईद के मौके पर बाजारों में जबरदस्त रौनक लौट आई है। लोग बिना किसी डर के खरीदारी के लिए घरों से बाहर निकल रहे हैं, जिससे व्यापारियों के चेहरों पर भी मुस्कान लौटी है।

हत्याकांड के बाद पिछले कुछ दिनों से जो सन्नाटा पसरा था, वह अब त्योहार की चहल-पहल में बदल गया है। क्षेत्र के प्रमुख बाजारों को ईद के मद्देनजर खास तौर पर सजाया गया है। रंग-बिरंगी लाइटों और सजी हुई दुकानों ने ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित किया।

वहीं, बड़ी संख्या में लोग अपने परिवारों के साथ कपड़ों, जूतों, सेवइयों और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी करते नजर आए। दुकानदारों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से कारोबार ठप पड़ा था, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो रही है।

बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को किया तैनात

वैसे पुलिस अब भी सतर्क है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। सभी प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में बड़ी संख्या में हथियारबंद पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

संदिग्ध गतिविधियों पर रखी पैनी नजर

तरुण हत्याकांड के आरोपियों के घर के आसपास विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उस सड़क पर दोनों ओर बैरिकेड लगाकर आम लोगों की आवाजाही को सीमित कर दिया गया है। पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ईद के दिन हंगामे की धमकियों को देखते हुए बाहरी लोगों के इलाके में प्रवेश पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

यह भी पढ़ें- तरुण हत्याकांड: दिल्ली के उत्तम नगर में ईद से पहले सुरक्षा कड़ी, भड़काऊ वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अलर्ट

पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुलिस की मुस्तैदी से उनमें सुरक्षा की भावना जगी है।

यह भी पढ़ें- 'खून की होली हम ईद...', सोशल मीडिया पर हिंसक नारों से उत्तम नगर में बिगड़ सकता है माहौल; दिल्ली HC में सुनवाई

बाजारों में उमड़ी भीड़

लोगों के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के कारण ही वे बिना किसी हिचकिचाहट के त्योहार का आनंद ले पा रहे हैं। बाजारों में उमड़ी यह भीड़ इस बात का स्पष्ट संकेत है कि हस्तसाल के जेजे कॉलोनी में अब धीरे-धीरे पुराने सामान्य हालातों की ओर बढ़ रहा है।