तरुण हत्याकांड: दिल्ली के उत्तम नगर में ईद से पहले सुरक्षा कड़ी, भड़काऊ वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अलर्ट
उत्तम नगर में तरुण हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो प्रसारित होने से माहौल संवेदनशील हो गया है। ...और पढ़ें
-1773938702465_m.webp)
उत्तम नगर में ईद से पहले सुरक्षा कड़ी, पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात। फोटो- जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। उत्तम नगर इलाके में तरुण हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयान वाले वीडियो प्रसारित होने से माहौल संवेदनशील हो गया है। ईद को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर इंतजाम किए गए हैं।
मुख्य सड़कों और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। इसके साथ ही अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की दो कंपनी तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं, जबकि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी और भी सख्त कर दी गई है।
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद बढ़ी सतर्कता
पुलिस अधिकारी के अनुसार, तरुण हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो तेजी से वायरल हुए, जिनमें ईद नहीं मनाने देने जैसी भड़काऊ बातें कही गई थीं।
मामला हाईकोर्ट तक पहुंचने के बाद अदालत ने इलाके में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने तुरंत स्थिति का आकलन कर सुरक्षा बढ़ा दी। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और उन्हें फैलाने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ड्रोन से निगरानी, अधिकारियों को मौके पर रहने के निर्देश
पुलिस अधिकारी के अनुसार, घनी आबादी को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में ड्रोन की तैनाती की जाएगी, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। एसीपी स्तर के अधिकारियों को भी ईद के दिन इलाके में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने स्थानीय लोगों, संगठनों और मृतक के परिजनों से अपील की है कि वे किसी भी उकसावे में न आएं और कानून को अपने हाथ में न लें। खासतौर पर आरोपियों के घर की ओर जाने या विरोध प्रदर्शन से बचने को कहा गया है, ताकि तनाव की स्थिति न बने।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही है। लोगों से अफवाहों और भड़काऊ संदेशों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध जानकारी की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है, ताकि ईद का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
