दिल्ली में दादा के खाते से पोते ने उड़ाए 29.50 लाख; कार खरीदकर दोस्तों के साथ नोएडा, मनाली और नैनीताल में की पार्टी
एक पोते ने अपने दोस्त के साथ मिलकर 87 वर्षीय सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी दादा के बैंक खाते से 29.50 लाख ...और पढ़ें

साुइबर पुलिस ने बताया कि आरोपितों ने ठगी की रकम से महंगी सैर-सपाटा, पार्टियां और मौज-मस्ती की। अब दोनों पुलिस की गिरफ्त में हैं। सौ. पुलिस
HighLights
पोते ने दोस्त संग दादा के खाते से 29.50 लाख ठगे।
सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी के बैंक खाते का दुरुपयोग किया गया।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर कार, मोबाइल बरामद किए।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। जिस पोते पर बुजुर्ग दादा को बुढ़ापे में सहारा देने की जिम्मेदारी थी, उसी ने दोस्त के साथ मिलकर उनके बैंक खाते से 29.50 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित 87 वर्षीय बुजुर्ग भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त हैं।
आरोप है कि पोते ने दादा के बैंक खाते से जुड़ी जानकारी और मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर दोस्त के साथ मिलकर अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच ठगी की। पूर्वी जिला साइबर थाना पुलिस ने पोते समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों ने ठगी की रकम से महंगी सैर-सपाटा, पार्टियां और मौज-मस्ती की। पुलिस ने ठगी की रकम से खरीदी गई एक पोलो कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जांच में कुल 29,50,892 रुपये की ठगी का खुलासा
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि अश्वनी राघव की शिकायत पर साइबर थाना पूर्वी जिले में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनके 87 वर्षीय पिता जगदीश सिंह के बैंक खाते से अप्रैल से अक्टूबर के बीच संदिग्ध तरीके से रकम निकाली गई। जांच में कुल 29,50,892 रुपये की ठगी का पता चला।
बुलंदशहर में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया
इंस्पेक्टर पवन यादव, एसएचओ साइबर थाना पूर्वी के नेतृत्व में एएसआई शिव कुमार, हेड कांस्टेबल अनुराग और योगेश की टीम ने बैंक खातों, केवाईसी दस्तावेजों और लेनदेन की जांच की। पता चला कि 9,26,892 रुपये अभिषेक राघव के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते में और 20,24,000 रुपये तुषार चौधरी के पंजाब नेशनल बैंक खाते में भेजे गए थे। पुलिस ने बुलंदशहर में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
नोएडा में दोस्तों के साथ पार्टियां भी कीं
पूछताछ में सामने आया कि 22 वर्षीय अभिषेक शिकायतकर्ता का बेटा और बुजुर्ग का पोता है। वह खुर्जा से बीए-एलएलबी कर रहा है। आरोप है कि उसने अपने दोस्त 22 वर्षीय तुषार के साथ मिलकर ठगी की साजिश रची। तुषार खुर्जा से नर्सिंग का कोर्स कर रहा है।
जांच में पता चला कि आरोपितों ने ठगी की रकम से मनाली, नैनीताल और ओडिशा की यात्राएं कीं। नोएडा में दोस्तों के साथ पार्टियां भी कीं।
इसके अलावा 2.75 लाख रुपये में पोलो कार खरीदी और उसमें 1.25 लाख रुपये का म्यूजिक सिस्टम लगवाया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। पुलिस अब ठगी की बची हुई रकम और अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।