दिल्ली के सरकारी स्कूलों में लगेंगे आधार कैंप, 13.69 लाख छात्रों का होगा बायोमेट्रिक अपडेट; लास्ट डेट है 10 दिसंबर
राजधानी के सरकारी स्कूलों में 13.69 लाख विद्यार्थियों के आधार बायोमीट्रिक अपडेट के लिए शिक्षा निदेशालय ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत 10 दिसंबर 2026 तक इसे पूरा करने के लिए स्कूलों में आधार कैंप लगाए जाएंगे।

दिल्ली के स्कूलों में करीब 13.69 लाख विद्यार्थियों का अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडेट लंबित है। एआई इमेज
HighLights
दिल्ली के सरकारी स्कूलों में आधार बायोमीट्रिक अपडेट अभियान शुरू।
13.69 लाख छात्रों का अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडेट लंबित है।
दिसंबर 2026 तक सभी लंबित अपडेट पूरा करने का लक्ष्य।
रीतिका मिश्रा, नई दिल्ली। राजधानी के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के आधार कार्ड का अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडेट (एमबीयू) पूरा कराने के लिए शिक्षा निदेशालय ने विशेष अभियान शुरू किया है।
इसके तहत सभी 29 जोन के उन सरकारी स्कूलों में आधार कैंप लगाए जाएंगे, जहां विद्यार्थियों का बायोमीट्रिक अपडेट लंबित है।
निदेशालय के अनुसार, दिल्ली के स्कूलों में करीब 13.69 लाख विद्यार्थियों का अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडेट लंबित है। इसे पूरा करने के लिए 10 दिसंबर 2026 तक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
स्कूलों में कैंप आयोजित कराने के निर्देश
शिक्षा निदेशालय के आईटी शाखा की ओर से 26 नवंबर को जारी आदेश में सभी जिला एवं जोनल उप शिक्षा निदेशकों को अपने क्षेत्र के स्कूलों में कैंप आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
यह पहल मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है। बैठक में अगले छह माह के भीतर सभी लंबित बायोमीट्रिक अपडेट पूरे करने को कहा गया था।
निदेशालय के अनुसार, आधार अपडेट लंबित होने से विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में परेशानी हो रही है। इसके अलावा छात्रों की अपार आइडी बनाने और नए विद्यार्थियों के दाखिले की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है।
प्रत्येक जोन में एक मशीन स्कूलों में भेजी जाएगी
अभियान के तहत प्रत्येक जोन में उपलब्ध दो आधार मशीनों में से एक मशीन आपरेटर के साथ उस स्कूल में भेजी जाएगी, जहां सबसे अधिक विद्यार्थियों का बायोमीट्रिक अपडेट लंबित है। दूसरी मशीन जोन में पहले से निर्धारित स्थान पर काम करती रहेगी। संबंधित जिला एवं जोनल उप शिक्षा निदेशक स्कूलों के लिए कैंप का कार्यक्रम तैयार करेंगे।
जिला और जोनल स्तर के अधिकारी करेंगे निगरानी
स्कूल प्रधानाचार्यों को विद्यार्थियों और अभिभावकों को कैंप की तारीख एवं समय की जानकारी पहले से देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिकतम विद्यार्थियों का अपडेट एक ही बार में कराया जा सके। कैंप का संचालन स्कूल प्रमुख की निगरानी में होगा। साथ ही, जिला और जोनल स्तर के अधिकारी इसकी निगरानी करेंगे।
निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि 10 दिसंबर 2026 तक अधिकतम लंबित एमबीयू अपडेट पूरे किए जाएं। इसके लिए सभी जिला एवं जोनल अधिकारियों को संबंधित स्कूलों में अभियान के सुचारु संचालन और अभिभावकों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।