गुरुजी की फोटो के आगे QR कोड लगा मांग रहे थे चंदा, दिल्ली की कोर्ट ने रोहिणी के ट्रस्ट पर लगाई रोक
साकेत कोर्ट ने रोहिणी के एक ट्रस्ट को 'गुरुजी का आश्रम' नाम, उनकी तस्वीरों और बड़े मंदिर से जुड़ाव का दावा कर चंदा मांगने से रोक दिया है।

साकेट कोर्ट ने चंदा मांग रहे ट्रस्ट पर लगाई रोक। फोटो: सांकेतिक
HighLights
रोहिणी ट्रस्ट पर गुरुजी नाम के उपयोग पर रोक।
तस्वीरों और QR कोड से चंदा मांगने पर आपत्ति।
साकेत कोर्ट ने ट्रेडमार्क उल्लंघन का मामला माना।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। गुरुजी के नाम, तस्वीरों और बड़े मंदिर से कथित जुड़ाव दिखाकर चंदा मांगने के मामले में साकेत कोर्ट ने रोहिणी स्थित एक ट्रस्ट पर रोक लगा दी है।
जिला न्यायाधीश (कमर्शियल कोर्ट) बलवंत राय बंसल ने बृहस्पतिवार को गुरुजी का आश्रम ट्रस्ट के पक्ष में एकपक्षीय अंतरिम आदेश जारी किया।
कोर्ट ने सर्व समर्पित अवन समर्पण ट्रस्ट और अन्य संबंधित पक्षों को गुरुजी का आश्रम नाम, उनकी कॉपीराइट वाली तस्वीरों का इस्तेमाल करने और बड़े मंदिर से जुड़ा होने का दावा कर चंदा मांगने से रोक दिया है।
तस्वीरों और क्यूआर कोड से मांगा जा रहा था चंदा
गुरुजी का आश्रम ट्रस्ट की ओर से अधिवक्ता संदीप कपूर ने कोर्ट को बताया कि वर्ष 1999 में गुरुजी (श्री निर्मल सिंह महाराज) और उनकी मां ने इस ट्रस्ट की स्थापना की थी।
ट्रस्ट का आरोप था कि रोहिणी में संचालित सत्संग हाउस में गुरुजी की तस्वीरें लगाकर और इंटरनेट मीडिया पर उनका इस्तेमाल कर श्रद्धालुओं को बड़े मंदिर से जुड़ाव होने का भ्रम दिया जा रहा था।
यहां तस्वीरों के सामने क्यूआर कोड लगाकर चंदा भी मांगा जा रहा था। साथ ही 20 महीने तक एक लाख रुपये की किस्त जमा कराने वाली निवेश समिति चलाने का आरोप भी लगाया गया।
ट्रेडमार्क और कॉपीराइट उल्लंघन का मामला
कोर्ट ने दोनों पक्षों की ओर से पेश दस्तावेजों, तस्वीरों और इंटरनेट मीडिया के स्क्रीनशॉट का अवलोकन किया। प्रथम दृष्टया तस्वीरों को कॉपीराइट वाली तस्वीरों के समान पाया।
साथ ही क्यूआर कोड और यूपीआई आईडी के माध्यम से चंदा जुटाने के साक्ष्यों को भी संज्ञान में लिया।
कोर्ट ने कहा कि दोनों संस्थाओं की गतिविधियां समान होने से श्रद्धालुओं के बीच भ्रम की आशंका है। प्रथम दृष्टया ट्रेडमार्क, कॉपीराइट उल्लंघन और भ्रामक पहचान का मामला बनता है। यह रोक अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, महिला समेत नौ गिरफ्तार