दिल्ली में इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, महिला समेत नौ गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरियां चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दो अलग-अलग कार्रवाइयों में नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

बैटरी चोर गिरोह को पुलिस ने पकड़ा। फोटो-जागरण
HighLights
दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय ईवी बैटरी चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया।
नौ आरोपित गिरफ्तार, 88 लिथियम बैटरियां और 73 सेल बरामद हुए।
चोरी की बैटरियों को ठिकाने लगाने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। दिल्ली में इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरियां चोरी कर उन्हें ठिकाने लगाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का आउटर नार्थ जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी आटो थेफ्ट स्क्वाड (एएटीएस) और अलीपुर थाना पुलिस की दो अलग-अलग कार्रवाइयों में नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
इनके कब्जे से 88 लिथियम बैटरियां, 73 बैटरी सेल, छह बीएसएनएल बैटरियां, बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (बीएमएस), इलेक्ट्रानिक उपकरण और बैटरी खोलने व जांचने की मशीनें बरामद की हैं। इसके अलावा एक महिंद्रा थार और 49 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
छापेमारी में मिली एक दर्जन बैटरियां
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि 21 नवंबर को समयपुर बादली थाना क्षेत्र के एसजीटी नगर स्थित हनुमान मंदिर टी-प्वाइंट के पास एक इलेक्ट्रिक स्कूटी की लिथियम बैटरी चोरी हुई थी। जांच के लिए एएटीएस की टीम गठित की गई।
टीम ने 22 नवंबर को अमित उर्फ शिवम उर्फ बंटी (24) को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर वजीरपुर की जेजे कॉलोनी स्थित गोदाम में छापा मारा, जहां से अलग-अलग कंपनियों की 12 लिथियम बैटरियां बरामद हुईं। इनमें से एक बैटरी चोरी से जुड़ी मिली।
पुलिस को छापेमारी में क्या मिला?
पूछताछ के बाद पुलिस शुभम यादव उर्फ शिवम को गिरफ्तार कर मुकेश कुमार तक पहुंची। 23 नवंबर को बुराड़ी की बाबा कॉलोनी स्थित उसके गोदाम पर छापा मारा और बड़ी संख्या में लिथियम बैटरी सेल, बीएमएस, बैटरी बॉक्स, इलेक्ट्रानिक उपकरण और बैटरियों को खोलने व जांचने की मशीनें बरामद हुईं।
पुलिस ने कुल 12 तैयार बैटरियां, 73 लिथियम बैटरी सेल, 10 बीएमएस, पांच बैटरी बाक्स और अन्य उपकरण बरामद किए।
अलीपुर पुलिस ने छह आरोपितों को दबोचा
वहीं अलीपुर थाना पुलिस ने 18 नवंबर को पंचशील पार्क निवासी संचित की इलेक्ट्रिक स्कूटी चोरी होने पर मामला दर्ज किया था। जांच में मयंक उर्फ गोलू की भूमिका मिली। आरोपित ने खुलासा किया कि वह साथियों से चोरी की बैटरियां लेकर ठीक करके बाजार में बेचता था।
साथ ही मयंक से मिली जानकारी पर पुलिस ने दीपक उर्फ पंडित और अदनान की तलाश में छापेमारी की। अदनान पुलिस को देखकर महिंद्रा थार से भागने लगा तो पुलिस ने 50 किलोमीटर पीछा कर उसे दबोचा। इसके बाद सिंघु गांव स्थित एक किराये के परिसर से शिकायतकर्ता की चोरी हुई बैटरी समेत 13 बैटरियां बरामद कीं। मयंक के घर से 12 खुली बैटरियां बरामद हुईं।
वारदात में महिला भी शामिल
जांच में शालू नामक महिला की भी भूमिका सामने आई है। वह चोरी की बैटरियां लेकर अपनी कंपनी ''अंबर वोल्ट'' के नाम से बेचती थी। रोहिणी सेक्टर-38 स्थित उसके किराये के परिसर से 12 और खुली बैटरियां बरामद हुईं। मोबाइल की जांच में बड़ा नेटवर्क सामने आया।
15 बैटरियां बिहार भेजी गई थी जोकि रास्ते में थीं। जांच के दौरान पुलिस ने पवन कुमार को त्रिनगर के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने 8-10 युवकों को चोरी के लिए अपने साथ जोड़ रखा था। उसकी निशानदेही पर वजीरपुर की जेजे कालोनी और त्रिनगर सब्जी मंडी के पास स्थित दो ठिकानों पर छापेमारी की गई।
यहां से 25 लिथियम बैटरियां बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने मो. तस्लीम को मोरी गेट के पास से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर किराये के ठिकाने और घर से 20 बैटरियां बरामद कीं। अलीपुर पुलिस की कार्रवाई में कुल 76 लिथियम बैटरियां (साबुत और खुली हुई) तथा छह बीएसएनएल बैटरियां बरामद हुई हैं।
22 लाख के लेनदेन की जांच
पुलिस ने आरोपितों के मोबाइल की जांच के दौरान मयंक और अदनान के बीच करीब 22 लाख रुपये के वित्तीय लेनदेन का पता लगाया है।
पुलिस को संदेह है कि पवन और उसकी मां ने कथित आपराधिक गतिविधियों से काफी संपत्ति अर्जित की है। इस पहलू की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने महिंद्रा थार को भी जब्त किया है। इसके अलावा 49 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।