दिल्ली विश्वविद्यालय का बड़ा फैसला, कॉलेजों को 31 मार्च 2027 तक भरने होंगे शिक्षकों के रिक्त पद
दिल्ली विश्वविद्यालय ने सभी कॉलेजों को 31 मार्च 2027 तक रिक्त शैक्षणिक पदों पर नियमित नियुक्तियां पूरी करने का निर्देश दिया है।

डीयू के कॉलेजों में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरा जाएगा। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
कॉलेजों को 31 मार्च 2027 तक नियमित नियुक्तियां करनी होंगी।
अस्थायी नियुक्तियों के शोषण को रोकने पर विशेष जोर दिया गया।
डीयू की क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में महत्वपूर्ण सुधार हुआ।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों को अब शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियमित नियुक्तियों के लिए समयसीमा तय कर दी गई है।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. योगेश सिंह ने सभी कालेजों के प्राचार्यों को निर्देश दिया है कि वे 31 मार्च 2027 तक सभी रिक्त शैक्षणिक पदों पर नियमित नियुक्तियां पूरी करें।
नियमित नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश
उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियुक्तियों में देरी का कोई कारण है तो कॉलेज उसे विश्वविद्यालय के सामने रखें, लेकिन नियमित नियुक्तियों की प्रक्रिया पूरी करने में लापरवाही न बरतें। साथ ही उन्होंने आगाह किया कि विश्वविद्यालय में अस्थायी नियुक्तियों के नाम पर वर्षों से चली आ रही शोषण की व्यवस्था दोबारा शुरू नहीं होनी चाहिए।
शुक्रवार को कुलगुरु की अध्यक्षता में आयोजित डीयू अकादमिक परिषद की 1028वीं बैठक में कॉलेजों में शिक्षकों की नियुक्ति, शोध की गुणवत्ता और विभिन्न पाठ्यक्रमों में बदलाव समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
कुलगुरु ने क्या कहा?
बैठक में कुलगुरु ने कहा कि कॉलेजों को नियमित आधार पर नियमित नियुक्तियां करनी चाहिए। उनका जोर इस बात पर था कि शिक्षकों को लंबे समय तक अस्थायी व्यवस्था में रखने के बजाय स्थायी नियुक्तियों को प्राथमिकता दी जाए।
दिल्ली सरकार से वित्त पोषित डीयू के 12 कॉलेजों में नियुक्तियों के मुद्दे पर कुलसचिव डॉ. विकास गुप्ता ने बताया कि इस दिशा में काफी प्रगति हुई है। विश्वविद्यालय को उम्मीद है कि जल्द ही इस मामले का समाधान निकल आएगा।
शोध की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर
बैठक में शोध की गुणवत्ता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। कुलगुरु ने सभी कालेजों से डीयू की तर्ज पर 'रिसर्च एक्सीलेंस अवार्ड'' शुरू करने का आह्वान किया, ताकि बेहतर शोध करने वाले शिक्षकों और शोधार्थियों को प्रोत्साहित किया जा सके।
कुलगुरु ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027 में डीयू वैश्विक स्तर पर 241वें से 237वें स्थान पर पहुंच गया है। एशिया में 36वें से 30वें और भारत में चौथे से तीसरे स्थान पर पहुंचा है।
विश्वविद्यालय का स्कोर भी 80.9 से बढ़कर 84.2 हो गया है। हाल ही में हुए 103वें दीक्षांत समारोह का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि 472 पीएचडी डिग्रियों में 245 छात्राएं और 227 छात्र शामिल रहे।
पीएचडी और पत्रकारिता पाठ्यक्रमों को मंजूरी
अकादमिक परिषद ने फैकल्टी आफ टेक्नोलाजी के पीएचडी कोर्स वर्क को मंजूरी दी। यह आठ क्रेडिट का होगा, जिसमें रिसर्च मेथडोलाजी के चार, रिसर्च एवं पब्लिकेशन एथिक्स के दो और इंजीनियरिंग में कम्प्यूटेशनल व एक्सपेरिमेंटल रिसर्च टूल्स के दो क्रेडिट शामिल हैं। वित्त एवं व्यावसायिक अर्थशास्त्र विभाग के पीएचडी पाठ्यक्रम को भी मामूली बदलावों के साथ स्वीकृति दी गई।
इसके अलावा हिंदी विभाग के दो वर्षीय और एक वर्षीय एमए हिंदी पत्रकारिता के पाठ्यक्रमों तथा अन्य पीजी कार्यक्रमों के लिए जेनेरिक इलेक्टिव कोर्सेज को मंजूरी दी गई। अंग्रेजी-हिंदी अनुवाद में पीजी डिप्लोमा का नाम बदलकर पीजी डिप्लोमा इन ट्रांसलेशन (अंग्रेजी-हिंदी-अंग्रेजी) करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।