विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में बिना प्रिस्क्रिप्शन एंटीबायोटिक दवाएं बेचने पर सरकार की सख्ती, 43 मेडिकल स्टोर्स पर एक्शन

Published: Fri, 27 Nov 2026 10:51 PM (GMT+05:30)

दिल्ली सरकार ने बिना चिकित्सकीय पर्चे एंटीबायोटिक, गर्भपात किट और नशीली दवाओं की बिक्री पर कड़ा रुख अपनाया है। 43 दवा प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन मिला।

दिल्ली में बिना पर्चे दवाओं को बेचने पर सरकार ने मेडिकल स्टोर्स पर कार्रवाई शुरू कर दी है। फोटो: सांकेतिक

दिल्ली में बिना पर्चे दवाओं को बेचने पर सरकार ने मेडिकल स्टोर्स पर कार्रवाई शुरू कर दी है। फोटो: सांकेतिक

HighLights

  1. 43 दवा प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन पाया गया।

  2. बिना पर्चे एंटीबायोटिक, एमटीपी किट बिक्री पर सख्ती।

  3. ड्रग कंट्रोल विभाग ने 83 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में बिना चिकित्सकीय पर्चे के एंटीबायोटिक, गर्भपात संबंधी एमटीपी किट और नशे की दवाओं की बिक्री पर सरकार ने सख्ती दिखाई है।

इसे लेकर चलाए गए विशेष अभियान में 43 दवा प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन मिला है। इनके खिलाफ नियामकीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह के निर्देश पर ड्रग कंट्रोल विभाग ने तीन दिन में 83 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अनियमितताओं की पहचान के लिए कई स्थानों पर गुप्त ग्राहकों को भी भेजा गया।

तीन दिन में 43 प्रतिष्ठानों में मिली अनियमितताएं

20 नवंबर को त्रिनगर और न्यू अशोक नगर में 29 प्रतिष्ठानों की जांच में 13 में उल्लंघन मिला। इनमें पांच फर्में बिना पर्चे एमटीपी किट की बिक्री-खरीद और रिकॉर्ड नहीं रखने, जबकि आठ नशे की दवाओं से जुड़े नियमों के उल्लंघन में शामिल थीं।

23 नवंबर को यमुना विहार, पहाड़गंज और करोल बाग में 30 प्रतिष्ठानों की जांच में 13 में अनियमितताएं मिलीं। इनमें 11 एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) और तीन नशे की दवाओं से जुड़े उल्लंघन थे।

25 नवंबर को रामपुरा, इंद्रलोक और सुल्तानपुर में 24 प्रतिष्ठानों की जांच में 17 में उल्लंघन मिला। इनमें 12 एएमआर और चार नशे की दवाओं से संबंधित थे।

पर्चे व फार्मासिस्ट के बिना बिक्री पर कार्रवाई

जांच में बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे दवाओं की बिक्री, खरीद-बिक्री का अनिवार्य रिकॉर्ड नहीं रखने और पंजीकृत फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में दवाएं बेचने के मामले सामने आए।

अभियान का उद्देश्य औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 और औषधि नियम, 1945 का पालन सुनिश्चित करना है। डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि बिना निगरानी एंटीबायोटिक की बिक्री से एएमआर बढ़ता है और संक्रमणों का उपचार कठिन हो जाता है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली सरकार ने लखपति बिटिया योजना में जोड़ी नई शर्त, अब इस एक दस्तावेज के बिना नहीं हो सकेगा रजिस्ट्रेशन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।