विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली सरकार ने लखपति बिटिया योजना में जोड़ी नई शर्त, अब इस एक दस्तावेज के बिना नहीं हो सकेगा रजिस्ट्रेशन

Published: Fri, 27 Nov 2026 09:56 PM (IST)

दिल्ली सरकार की लखपति बिटिया योजना के लिए अब आधार अनिवार्य कर दिया गया है, हालांकि आधार न होने पर भी वैकल्पिक पहचान पत्रों के साथ पंजीकरण की सुविधा दी गई है। 

दिल्ली में लखपति बिटिया योजना के लिए अनिवार्य किया गया एक दस्तावेज। फोटो: सांकेतिक

दिल्ली में लखपति बिटिया योजना के लिए अनिवार्य किया गया एक दस्तावेज। फोटो: सांकेतिक

HighLights

  1. लखपति बिटिया योजना के लिए आधार अब अनिवार्य।

  2. आधार न होने पर वैकल्पिक पहचान पत्र मान्य होंगे।

  3. योजना लड़कियों की शिक्षा और सुरक्षा बढ़ाएगी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार की लखपति बिटिया योजना का लाभ लेने के लिए अब आधार अनिवार्य कर दिया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 19 नवंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, योजना के लिए पात्र लड़कियों को आधार नंबर का प्रमाण देना होगा या आधार प्रमाणीकरण कराना होगा।

जिन लड़कियों के पास आधार नंबर नहीं है और जिन्होंने इसके लिए नामांकन भी नहीं कराया है, उन्हें योजना में पंजीकरण कराने से पहले आधार के लिए आवेदन करना होगा।

आधार बनने तक वैकल्पिक पहचान पत्र मान्य

हालांकि, सरकार ने यह भी व्यवस्था की है कि आधार नंबर बनने में लगने वाले समय के दौरान किसी पात्र लाभार्थी को योजना की सहायता से वंचित न रहना पड़े।

जिन लड़कियों ने आधार के लिए आवेदन कर दिया है, वे आधार नामांकन पर्ची के साथ निर्धारित पहचान पत्रों में से कोई एक दस्तावेज जमा कर सकती हैं।

इनमें फोटोयुक्त बैंक या डाकघर की पासबुक, पैन कार्ड, पासपोर्ट, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या राजपत्रित अधिकारी अथवा तहसीलदार की ओर से जारी फोटो पहचान पत्र शामिल हैं।

विभाग के जिला कार्यालयों को उन लाभार्थियों के आधार नामांकन में मदद करने की जिम्मेदारी भी दी गई है, जिन्होंने अभी तक आधार नहीं बनवाया है।

यदि किसी इलाके में आधार नामांकन केंद्र उपलब्ध नहीं है, तो विभाग भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआइडीएआइ) के साथ समन्वय कर सुविधाजनक स्थान पर नामांकन की व्यवस्था करेगा।

अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि यदि खराब फिंगरप्रिंट या किसी अन्य कारण से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण नहीं हो पाता है, तो ऐसी स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था अपनाई जाएगी।

जन्म से पढ़ाई तक मिलेगी आर्थिक सहायता

लखपति बिटिया योजना का उद्देश्य लड़कियों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मजबूत करना तथा उन्हें पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।

इसके तहत लड़की के जन्म और शिक्षा के अलग-अलग पड़ावों पर उसके नाम से निवेश किया जाता है। लॉक-इन अवधि पूरी होने पर परिपक्वता राशि और उस पर मिलने वाला लाभ लाभार्थी को दिया जाता है।

योजना के तहत जन्म के समय 11,000 रुपये और पहली, छठी, नौवीं, 11वीं तथा 12वीं कक्षा में प्रवेश पर 5,000-5,000 रुपये की सहायता दी जाती है। इसके अलावा व्यावसायिक डिप्लोमा और स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए भी आर्थिक मदद का प्रावधान है।

तीन साल के स्नातक पाठ्यक्रम के लिए 20,000 रुपये और चार साल के पाठ्यक्रम के लिए 25,000 रुपये दिए जाते हैं। यह राशि पाठ्यक्रम की अवधि के दौरान किस्तों में जारी होती है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली की सड़कों से धूल साफ करेंगी इटली से आईं AI वाली 10 मशीनें, CM रेखा गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।