दिल्ली की सड़कों से धूल साफ करेंगी इटली से आईं AI वाली 10 मशीनें, CM रेखा गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी
दिल्ली में वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए एमसीडी के बेड़े में 10 नई मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें शामिल की गई हैं, जिससे कुल संख्या 77 हो गई है।

मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों के उद्धाटन अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता , मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, महापौर प्रवेश वाही व अन्य। फोटो: जागरण
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण के नियंत्रण के लिए मंगाई गई मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों के बेड़े में दस मशीनें और शामिल हो गई हैं। इससे कुल मशीनों की संख्या 77 हो गई है।
शेष 60 मशीनों को चरणबद्ध तरीके से फरवरी 2027 तक एमसीडी के बेड़े में शामिल किया जाएगा। इससे कुल मशीनों की संख्या 136 तक पहुंच जाएगी। इसकी वजह से प्रतिदिन पांच हजार किलोमीटर सड़कों की लेन लंबाई की सफाई मशीनों से की जा सकेगी।
वर्तमान में मौजूदा 66 मशीनें 2100 किलोमीटर लेन लंबाई की सफाई कर रही हैं। इन मशीनों को निगम मुख्यालय सिविक सेंटर से सीएम रेखा गुप्ता, महापौर प्रवेश वाही, निगम पार्षदों और अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इन मशीनों को इटली से मंगाया गया है। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के चलते हवाई मार्ग से इन मशीनों को मंगाया गया है। साथ ही युद्ध के चलते इनके आने में भी देरी हो रही है। मशीनें हवाई मार्ग से आने से इनको लाने की प्रक्रिया भी जटिल हुई है, साथ ही इन्हें लाना भी महंगा हुआ है।
फरवरी 2027 तक बेड़े में शामिल होंगी 60 मशीनें
कार्यक्रम के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि नई मशीनों में एक सीएनजी और नौ इलेक्ट्रिक मशीनें शामिल हैं। इनके साथ पांच वाटर टैंकर और चार डस्ट डंप वाहन भी लगाए गए हैं।
इनकी मदद से सड़कों से एकत्रित धूल और कचरे को समय पर हटाया जा सकेगा। मशीनों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और सेंसर आधारित तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
इसके जरिये कंट्रोल रूम से मशीनों की आवाजाही, काम के घंटे, तय दूरी और एकत्रित धूल की मात्रा की निगरानी होगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस ये मशीनें दिल्ली की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। सड़क की धूल प्रदूषण का बड़ा कारण है। ऐसे में मशीनों के जरिये सफाई और धूल नियंत्रण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
एक शिफ्ट में 40 किमी सफाई का लक्ष्य
एमसीडी के अनुसार, प्रत्येक नई मशीन से एक शिफ्ट में प्रतिदिन कम से कम 40 किलोमीटर सड़क की लेन लंबाई की सफाई का लक्ष्य रखा गया है।
नई मशीनों में नौ इलेक्ट्रिक मशीनों की क्षमता दो घन मीटर और एक सीएनजी मशीन की क्षमता चार घन मीटर से अधिक है। इनके रखरखाव के लिए अनुबंध में 10 वर्ष की व्यवस्था की गई है।
12 जोन में होंगी मशीनों की तैनाती
परियोजना के तहत 55 इलेक्ट्रिक और 15 सीएनजी संचालित मशीनें निजी एजेंसी द्वारा खरीदी जा रही हैं। शेष मशीनें चरणबद्ध तरीके से निगम के सभी 12 जोन में तैनात की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि निगम प्रति किलोमीटर के हिसाब से भुगतान करेगा। महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि आधुनिक मशीनों से सफाई व्यवस्था को गति मिलेगी।
वहीं, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य तकनीक और बेहतर निगरानी के जरिये सड़क की धूल को नियंत्रित करना है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में कूड़ा उठाने के लिए हर महीने देना होगा यूजर चार्ज, MCD ने दी मंजूरी; जानें कितना पैसा देना पड़ेगा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।