विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में कूड़ा उठाने के लिए हर महीने देना होगा यूजर चार्ज, MCD ने दी मंजूरी; जानें कितना पैसा देना पड़ेगा

Published: Fri, 27 Nov 2026 09:21 PM (IST)

दिल्ली में कूड़ा उठाने के लिए लोगों से यूजर चार्ज वसूलने को एमसीडी सदन ने मंजूरी दे दी है। यह शुल्क 2016 से प्रस्तावित था लेकिन अब तक लागू नहीं हो पाया था, जिससे अब इसके लागू होने का रास्ता साफ हो गया है।

एमसीडी ने यूजर चार्ज लागू किया। फोटो: आर्काइव

एमसीडी ने यूजर चार्ज लागू किया। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. एमसीडी सदन ने दिल्ली में कूड़ा उठाने के यूजर चार्ज को मंजूरी दी।

  2. यह शुल्क 2016 से प्रस्तावित था, अब लागू होने का रास्ता साफ।

  3. चरती लाल गोयल पार्क का रखरखाव दिल्ली पर्यटन विभाग को सौंपा जाएगा।

निहाल सिंह, नई दिल्ली। दिल्ली में कूड़ा उठाने के एवज में लोगों से यूजर चार्ज वसूलने का रास्ता साफ हो गया है। एमसीडी की सदन की बैठक में यूजर चार्ज लगाने को मंजूरी दे दी गई।

इससे पहले वर्ष 2016 के ठोस कचरा प्रबंधन उपनियमों में हर रिहायशी और व्यावसायिक संपत्ति से मासिक शुल्क लेने का प्रावधान किया गया था, लेकिन विरोध और अन्य कारणों से इसे पूरी तरह लागू नहीं किया जा सका।

दस साल से लागू नहीं हो सका शुल्क

ठोस कचरा प्रबंधन उपनियमों के तहत हर रिहायशी और व्यावसायिक संपत्ति से कूड़ा प्रबंधन के लिए मासिक यूजर चार्ज लेने का प्रविधान किया गया था। हालांकि, करीब 10 साल बाद भी इसे पूरी तरह लागू नहीं किया जा सका।

एमसीडी ने वर्ष 2025 में नए वित्त वर्ष से यूजर चार्ज लागू करने की तैयारी की थी। उस समय लोगों के विरोध के बाद निगम को प्रस्ताव वापस लेना पड़ा था। अब सदन की बैठक में यूजर चार्ज लगाने को मंजूरी मिलने के बाद इसे लागू करने की दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता खुला है।

संपत्ति के आकार से तय की गईं दरें

एमसीडी ने संपत्ति की श्रेणी और आकार के आधार पर अलग-अलग मासिक शुल्क तय किए गए है। इसमें ए से डी और ई से एच श्रेणी की संपत्तियों के लिए अलग दरें रखी गई हैं।

दिल्ली वालों को इतना देना होगा यूजर चार्ज 

संपत्ति का आकार

ए से डी श्रेणी

ई से एच श्रेणी

50 वर्ग गज तक

75 रुपये

40 रुपये

50 से 200 वर्ग मीटर तक

150 रुपये

75 रुपये

200 वर्ग मीटर से बड़ी

300 रुपये

150 रुपये

चरती लाल गोयल पार्क देखेगा पर्यटन विभाग 

एमसीडी सदन की बैठक में कई सड़कों के नामकरण को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा चरती लाल गोयल पार्क का रखरखाव और संचालन दिल्ली सरकार के पर्यटन विभाग को सौंपने का प्रस्ताव पारित किया गया।

प्रदूषण पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने

सदन की बैठक में वायु प्रदूषण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। इस दौरान सत्ता पक्ष के पार्षद दिल्ली सरकार की ओर से प्रदूषण नियंत्रण के लिए उठाए गए कदमों का उल्लेख करते नजर आए।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष और आप पार्षद अंकुश नारंग ने कहा कि प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है और लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। उन्होंने भाजपा सरकार को सुझाव दिया कि एक्यूआई के आंकड़ों के साथ छेड़छाड़ करने के बजाय प्रदूषण कम करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में सस्ता फ्लैट खरीदने का सुनहरा मौका, DDA ला रहा 1487 नए फ्लैट; 30 नवंबर से शुरू होगी बुकिंग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।