दिल्ली में सस्ता फ्लैट खरीदने का सुनहरा मौका, DDA ला रहा 1487 नए फ्लैट; 30 नवंबर से शुरू होगी बुकिंग
दिल्ली विकास प्राधिकरण ने नरेला में 1487 अतिरिक्त एलआईजी फ्लैट पेश किए हैं। इनकी बुकिंग 30 नवंबर को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी, जो सस्ते घर चाहने वालों के लिए एक और अवसर है।

दिल्ली में महज 15 लाख रुपये में मिलेगा डीडीए फ्लैट। फोटो: आर्काइव
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने नरेला में सस्ते घर की तलाश कर रहे लोगों को एक और मौका दिया है। डीडीए आवास निवेश योजना-2026 के तहत 1487 अतिरिक्त एलआईजी फ्लैट पेश किए गए हैं।
इनकी बुकिंग 30 नवंबर को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। पहले चरण में योजना के तहत पेश किए गए सभी एलआईजी फ्लैट बुकिंग शुरू होने के कुछ ही घंटों में बुक हो गए थे। इसी को देखते हुए डीडीए ने अतिरिक्त फ्लैट उपलब्ध कराने का फैसला किया है।
ये सभी फ्लैट नरेला के सेक्टर जी-2 से जी-6 स्थित पॉकेट-वी में हैं। हालांकि, डीडीए के अनुसार फ्लैटों की संख्या में बदलाव संभव है।
इच्छुक लोग डीडीए के आवास पोर्टल https://eservices.dda.org.in पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। इसके लिए एक लाख रुपये बुकिंग राशि जमा करनी होगी।
25 प्रतिशत छूट के बाद करीब 15 लाख कीमत
इन फ्लैटों का प्लिंथ एरिया करीब 49.90 वर्ग मीटर है। इसमें बालकनी और साझा क्षेत्र भी शामिल हैं। डीडीए ने इनकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये से अधिक रखी है, लेकिन 25 प्रतिशत छूट के बाद कीमत 15,01,049 रुपये होगी।
इस कीमत में रखरखाव शुल्क, पानी के कनेक्शन का शुल्क, जहां लागू हो वहां कन्वर्जन शुल्क और जीएसटी शामिल नहीं हैं। ये शुल्क आवंटन पत्र जारी करते समय अलग से लिए जाएंगे।
डीडीए के अनुसार, आवास पोर्टल पर पहले से पंजीकृत आवेदकों को दोबारा पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी। योजना की बाकी शर्तें पहले जारी किए गए ब्रोशर के अनुसार ही रहेंगी। अतिरिक्त फ्लैटों की पेशकश से उन लोगों को फिर मौका मिलेगा, जो पहले चरण में बुकिंग नहीं कर पाए थे।