विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में जनगणना-2027 का दूसरा चरण 25 जनवरी से, 1931 के बाद पहली बार दर्ज होगी जाति; पूछे जाएंगे 40 सवाल

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:34 PM (IST)

दिल्ली में जनगणना-2027 का दूसरा चरण 25 जनवरी से शुरू होगा, जिसमें सरकारी कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों की गणना करेंगे। इस दौरान जाति, धर्म, शिक्षा, रोजगार और डिजिटल साक्षरता सहित लगभग 40 सवाल पूछे जाएंगे।

दिल्ली में जनगणना का दूसरा चरण जनवरी में शुरू होगा। फोटो: आर्काइव

दिल्ली में जनगणना का दूसरा चरण जनवरी में शुरू होगा। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. दिल्ली जनगणना 2027 का दूसरा चरण 25 जनवरी से शुरू होगा।

  2. 1931 के बाद पहली बार जाति की जानकारी दर्ज होगी।

  3. डिजिटल साक्षरता, पलायन के कारणों पर भी जुटाई जाएगी जानकारी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में जनगणना-2027 के दूसरे और अंतिम चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके तहत 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक सरकारी कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों की गणना करेंगे।

इस दौरान प्रत्येक व्यक्ति से जाति, धर्म, वैवाहिक स्थिति, शिक्षा, रोजगार, पलायन और बैंक खातों सहित करीब 40 सवाल पूछे जाएंगे। पहली बार लोगों की डिजिटल साक्षरता से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जाएगी।

केंद्र सरकार की अधिसूचना के बाद दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग के मंडलायुक्त ने भी इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।

1931 के बाद पहली बार दर्ज होगी जाति की जानकारी

जनगणना से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, 1931 के बाद पहली बार जाति से संबंधित जानकारी भी दर्ज की जाएगी। इससे पहले लोगों को खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन भरने का विकल्प मिलेगा।

यह सुविधा 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक उपलब्ध रहेगी। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल पर जाकर केंद्र शासित प्रदेश के विकल्प में दिल्ली चुनना होगा। इसके बाद कैप्चा भरकर पंजीकरण और स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।

एक परिवार के लिए एक ही मोबाइल नंबर मान्य होगा और ऑनलाइन जानकारी भरने के बाद परिवार को एक विशिष्ट संदर्भ संख्या मिलेगी। घर-घर सत्यापन के दौरान गणनाकार को यह संख्या दिखानी होगी।

जिन परिवारों ने ऑनलाइन जानकारी नहीं भरी होगी, उनसे गणनाकार सीधे घर जाकर विवरण लेंगे। एक से पांच मार्च 2027 तक दर्ज आंकड़ों की जांच और छूटी हुई या गलत जानकारी में सुधार का अवसर भी दिया जाएगा।

डिजिटल इस्तेमाल और पलायन की वजह भी पूछेंगे

इस बार जनगणना में केवल परिवार और मकान से जुड़ी जानकारी ही नहीं, बल्कि लोगों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का भी विस्तृत ब्योरा जुटाया जाएगा। लोगों से पूछा जाएगा कि वे मोबाइल, कंप्यूटर और इंटरनेट चलाना जानते हैं या नहीं।

साथ ही, उन्होंने अपना निवास स्थान बदला है तो इसकी वजह क्या थी और वे मौजूदा शहर या गांव में कितने समय से रह रहे हैं। इससे दिल्ली में दूसरे राज्यों और शहरों से आने वाले लोगों के पलायन से जुड़े आंकड़े मिल सकेंगे।

इन विषयों पर मांगी जाएगी जानकारी

  • पहचान और परिवार : नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, अनुसूचित जाति-जनजाति और दिव्यांगता।

  • शिक्षा और भाषा : मातृभाषा, अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता और शैक्षणिक योग्यता।

  • रोजगार : काम की स्थिति, व्यवसाय, उद्योग, व्यापार, सेवा, काम की तलाश और कार्यस्थल तक आने-जाने का तरीका।

  • पलायन और निवास : जन्म स्थान, पिछला निवास, स्थान बदलने का कारण, मौजूदा पते पर रहने की अवधि और स्थायी पता।

  • अन्य जानकारी : महिलाओं से जीवित जन्मे बच्चों की संख्या, कोविड टीकाकरण, बैंक खातों की संख्या और उपलब्ध होने पर आधार, वोटर कार्ड, पासपोर्ट व ड्राइविंग लाइसेंस का विवरण।

जनगणना के दौरान जुटाई जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने के भी प्रावधान किए गए हैं। गौरतलब है कि दिल्ली में जनगणना का पहला चरण 14 जून को समाप्त हुआ था।

इसमें करीब 76 लाख मकानों और 55 लाख परिवारों को शामिल किया गया था। उस चरण में दर्ज आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली की आबादी 2.30 करोड़ से अधिक थी।

यह भी पढ़ें- स्पाइस जेट की वेबसाइट डाउन, ऑनलाइन चेक-इन और पेमेंट सेवा ठप; दिल्ली एयरपोर्ट पहले पहुंचने की सलाह

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR से बिहार जाने वालों के लिए खुशखबरी, पटना-दरभंगा समेत 18 रूटों पर अब सालभर चलेंगी बसें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।