विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक की ब्रिटेन की डिग्री पर सवाल, दूसरे डॉक्टर का डिप्लोमा भी अमान्य; Fortis के दो डॉक्टरों की डिग्री जांच के घेरे में

Published: Fri, 27 Nov 2026 10:49 AM (GMT+05:30)

एनएमसी और डीजीएचएस की संयुक्त जांच में फोर्टिस अस्पताल, शालीमार बाग के दो डॉक्टरों की विशेषज्ञ योग्यताओं पर गंभीर सवाल उठे हैं। जांच रिपोर्ट दिल्ली हाई कोर्ट में दाखिल की गई है।

दोनों डाॅक्टरों का पंजीकरण और कार्य करने के लिए आवश्यक योग्यताएं मानकों पर खरी नहीं पाई गई हैं।

दोनों डाॅक्टरों का पंजीकरण और कार्य करने के लिए आवश्यक योग्यताएं मानकों पर खरी नहीं पाई गई हैं।

HighLights

  1. फोर्टिस के दो डॉक्टरों की योग्यता पर गंभीर सवाल।

  2. एनएमसी-डीजीएचएस जांच रिपोर्ट दिल्ली हाई कोर्ट में दाखिल।

  3. एक डिग्री हटाने, दूसरी अमान्य करने की सिफारिश।

अनूप कुमार सिंह, नई दिल्ली। नवजात शिशुओं के उपचार में विशेषज्ञता का दावा करने वाले फोर्टिस अस्पताल, शालीमार बाग के दो डाॅक्टरों की शैक्षणिक योग्यताओं पर गंभीर सवाल उठे हैं। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) और दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) की संयुक्त जांच में दोनों डाॅक्टरों को भारत में संबंधित विशेषज्ञ के रूप में पंजीकरण और कार्य करने के लिए आवश्यक योग्यताओं के मानकों पर खरा नहीं पाया गया है।

जांच रिपोर्ट दिल्ली हाई कोर्ट में दाखिल की गई

जांच समिति ने एक डाॅक्टर की अतिरिक्त योग्यता को दिल्ली मेडिकल काउंसिल (डीएमसी) के पंजीकरण से हटाने की सिफारिश की है, जबकि दूसरे की डिग्री को मान्यता प्राप्त अतिरिक्त विशेषज्ञ योग्यता नहीं माना है। 13 नवंबर को तैयार जांच रिपोर्ट 18 नवंबर को एनएमसी के हलफनामे के साथ दिल्ली हाई कोर्ट में दाखिल की गई।

डाॅक्टरों की विशेषज्ञता और पंजीकरण का मुद्दा उठा

यह मामला अगस्त 2017 में फोर्टिस अस्पताल में जन्मे एक बच्चे के उपचार से जुड़ा है। बच्चे की मां सपना जैन ने आरोप लगाया था कि अस्पताल में उपचार के दौरान लापरवाही और मेडिकल रिकार्ड में गड़बड़ी के कारण उनके बेटे को गंभीर हाइपोक्सिक ब्रेन इंजरी हुई।

उसे सेरेब्रल पाल्सी, मिर्गी और वेस्ट सिंड्रोम जैसी गंभीर समस्याएं हो गईं। हालांकि, वर्ष 2019 में डीएमसी की अनुशासनात्मक जांच में चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप साबित नहीं पाया गया था। इसके बाद डाॅक्टरों की विशेषज्ञता और पंजीकरण का मुद्दा अलग से उठा।

डाॅ. विवेक जैन की ब्रिटेन की डिग्री पर सवाल

इस मामले की जांच में डाॅ. विवेक जैन की ब्रिटेन से प्राप्त एमआरसीपीसीएच (मेम्बरशिप आफ द रायल कालेज आफ पीडियाट्रिक्स एंड चाइल्ड हेल्थ) योग्यता की विशेषज्ञ पंजीकरण के लिए पात्रता पर सवाल उठाए गए। उनके पास प्रशिक्षण पूरा करने का प्रमाणपत्र (सीसीटी) नहीं था और वह ब्रिटेन के विशेषज्ञ रजिस्टर में भी पंजीकृत नहीं थे।

उनकी एमआरसीपीसीएच योग्यता वर्ष 2016 में डीएमसी में अतिरिक्त योग्यता के रूप में दर्ज की गई थी। जांच समिति ने इस अतिरिक्त योग्यता को पंजीकरण से हटाने की सिफारिश की है। इसका अर्थ उनका पूरा मेडिकल पंजीकरण रद होना नहीं है।

डाॅ. अखिलेश सिंह का डिप्लोमा मान्य नहीं

दूसरे डाक्टर डा. अखिलेश सिंह के मामले में चाइल्ड हेल्थ में डिप्लोमा की मान्यता पर सवाल उठे। यह डिप्लोमा कोलकाता के इंडियन काॅलेज ऑफ मैटरनल एंड चाइल्ड हेल्थ से प्राप्त किया गया था। जांच में इसे भारतीय चिकित्सा परिषद (एमसीआई) अथवा एनएमसी से मान्यता प्राप्त अतिरिक्त विशेषज्ञ योग्यता नहीं माना गया। डीएमसी के रिकार्ड के अनुसार उनका पंजीकरण एमबीबीएस के आधार पर है। इस डिप्लोमा के आधार पर उन्हें विशेषज्ञ के रूप में पंजीकरण की पात्रता नहीं मिलती।

फोर्टिस का दावा विशेषज्ञों की निगरानी में करते थे काम

एनएमसी को दिए जवाब में फोर्टिस अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि डा. अखिलेश सिंह योग्य सलाहकारों की निगरानी में बाल चिकित्सा टीम की सहायता करते थे और स्वतंत्र रूप से विशेषज्ञ के तौर पर उपचार नहीं करते थे। अस्पताल ने यह भी कहा कि डा. विवेक जैन को वरिष्ठ निदेशक और यूनिट प्रमुख का पद देना आंतरिक प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा था। अस्पताल ने मामला न्यायाधीन बताते हुए टिप्पणी करने से इन्कार किया।

हाई कोर्ट के निर्देश पर हुई जांच, पुलिस भी कर रही पड़ताल

मामले में 23 फरवरी 2023 को हाई कोर्ट ने डाॅक्टरों की शैक्षणिक योग्यताओं की जांच के लिए संबंधित चिकित्सा नियामकों से जवाब मांगा था। मई 2025 में डीएमसी ने अंतरिम राय देते हुए दोनों डाॅक्टरों को नवजात शिशु विशेषज्ञ (नियोनेटोलाजिस्ट) बताने और सुपर स्पेशियलिस्ट के रूप में कार्य करने से परहेज करने को कहा था।

इसके बाद 29 मई 2026 को हाई कोर्ट ने एनएमसी और डीजीएचएस को संयुक्त जांच कर आठ सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। रिपोर्ट दाखिल नहीं होने पर अवमानना याचिका दायर हुई। 30 अक्टूबर को अदालत ने दो सप्ताह में रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया था।

मेडिकल रिकाॅर्ड में गड़बड़ी उजागर

इस मामले में एक अलग घटनाक्रम में 22 सितंबर 2025 को रोहिणी की अदालत ने पुलिस की क्लोजर रिपोर्ट खारिज कर विस्तृत जांच के लिए तीन महीने का समय दिया था। अदालत ने बच्चे के मस्तिष्क में चोट लगने के समय और कारण, उपचार के दौरान मेडिकल रिकाॅर्ड में गड़बड़ी और नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में तैनात डाॅक्टरों व कर्मचारियों की भूमिका की जांच करने को कहा था।

अंतिम प्रमाण नहीं माना जा सकता

बच्चे के माता-पिता का आरोप है कि जन्म के समय उनके बेटे को कोई न्यूरोलाजिकल समस्या नहीं थी और अस्पताल में उपचार के बाद उसकी स्थिति गंभीर हो गई। इन आरोपों की पुलिस जांच अलग से जारी है। डाॅक्टरों की विशेषज्ञ योग्यता पर एनएमसी की जांच को चिकित्सकीय लापरवाही का अंतिम प्रमाण नहीं माना जा सकता।

यह भी पढ़ें- 'कम बोली के कारण रद की सरोजिनी नगर फ्लैट की नीलामी', एनबीसीसी ने दिल्ली हाई कोर्ट में दिया जवाब

यह भी पढ़ें- NGO की गतिविधियों से देश को खतरे का सुबूत नहीं, दिल्ली HC ने रद किया केंद्र का FCRA लाइसेंस कैंसिल करने का आदेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।