सामान्य दिनों में भी महंगे हुए फ्लाइट टिकट, फेस्टिव सीजन में 114% तक बढ़ा किराया; एयरलाइंस के दबदबे से यात्री बेहाल
देश में हवाई सफर आम आदमी के लिए लगातार महंगा हो रहा है, त्योहारों पर किराया दोगुना तक बढ़ जाता है। दो प्रमुख एयरलाइन समूहों की 92.2% बाजार हिस्सेदारी प्रतिस्पर्धा और किफायती किराये पर गंभीर सवाल उठा रही है।
-1795342927937_m.webp)
सामान्य दिनों में भी बढ़ रहे फ्लाइट टिकट के दाम। फोटो-जागरण आर्काइल
HighLights
त्योहारों पर हवाई टिकटों का किराया दोगुना से अधिक।
दो एयरलाइन समूहों का घरेलू बाजार में 92.2% कब्जा।
बढ़ती परिचालन लागत और रुपये की कमजोरी भी कारण।
गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। हवाई चप्पल पहनने वाला आम आदमी भी हवाई जहाज में सफर कर सके, इस सपने पर महंगे टिकटों का बोझ भारी पड़ रहा है। देश में हवाई यात्रियों की संख्या और एयरलाइंस का कारोबार बढ़ा है, लेकिन यात्रियों को किफायती किराये का लाभ नहीं मिल रहा।
सामान्य दिनों में भी टिकट महंगे हो रहे हैं और त्योहारों में किराया दोगुने से ज्यादा पहुंच जाता है। दूसरी ओर, घरेलू विमानन बाजार में दो एयरलाइन समूहों की हिस्सेदारी 92.2 प्रतिशत है। ऐसे में प्रतिस्पर्धा और किराया नीति पर सवाल उठ रहे हैं।
सामान्य दिनों में भी बढ़ रहे किराये
विमानन विश्लेषण कंपनी सर्कियम के आंकड़ों के मुताबिक, जून 2024 में देश के 20 प्रमुख घरेलू मार्गों में से 17 पर औसत इकोनॉमी किराया पिछले साल के मुकाबले घटा था। जून 2025 में 10 मार्गों पर किराया बढ़ा और 10 पर घटा। लेकिन जून 2026 में तस्वीर बदल गई।
इस दौरान 20 में से 18 मार्गों पर टिकट महंगे हुए। इनमें 11 मार्गों पर किराया 15 प्रतिशत से अधिक और पांच मार्गों पर 30 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ा।
त्योहार के दिनों में 100 प्रतिशत से ज्यादा महंगा टिकट
त्योहारों में यह बोझ और बढ़ जाता है। 12 नवंबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, दीवाली के दौरान दिल्ली-पटना मार्ग पर प्रस्थान से सात दिन पहले बुकिंग करने पर एकतरफा इकोनॉमी टिकट का औसत किराया 11,988 रुपये था, जबकि सामान्य दिनों में 5,608 रुपये था। यानी 114 प्रतिशत अधिक।
दिल्ली-वाराणसी मार्ग पर भी किराया 49 प्रतिशत बढ़ा। यह तुलना त्योहार और सामान्य दिनों के किराये की है, सालाना वृद्धि की नहीं।
दो समूहों के पास 92.2 प्रतिशत बाजार
डीजीसीए के सितंबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, इंडिगो की घरेलू यात्री बाजार में 65.4 प्रतिशत और एअर इंडिया समूह की 26.8 प्रतिशत हिस्सेदारी रही। दोनों की संयुक्त हिस्सेदारी 92.2 प्रतिशत है। वहीं अकासा एयर की 5.6 प्रतिशत और स्पाइसजेट की महज 0.6 प्रतिशत हिस्सेदारी रही।
-1795343041194.webp)
स्पाइसजेट पर कम हो रहा लोगों का भरोसा
स्पाइसजेट की बाजार हिस्सेदारी जनवरी 2026 के 3.9 प्रतिशत से घटकर सितंबर में 0.6 प्रतिशत रह गई। कंपनी की कमजोर वित्तीय स्थिति, नकदी की तंगी और विमानों के बड़े हिस्से के परिचालन से बाहर रहने से प्रतिस्पर्धी क्षमता प्रभावित हुई है। इसकी रेटिंग में भी गिरावट दर्ज की गई है।
लीज और परिचालन खर्च का दबाव
एयरलाइंस के खर्च में विमानों की लीज भी बड़ा हिस्सा रखती है। विदेशी कंपनियों से विमान किराये पर लेने के कारण भुगतान डॉलर में करना पड़ता है। रुपये की कमजोरी से खर्च बढ़ता है।
क्रिसिल रेटिंग्स के अनुमान के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 में विमानन कंपनियों का कुल लीज किराया 15 प्रतिशत बढ़कर 27,000-28,000 करोड़ रुपये हो सकता है। ईंधन, इंजन रखरखाव और हवाई अड्डों के शुल्क भी लागत बढ़ाते हैं।
यात्रियों के हित में पारदर्शिता जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार एयरलाइंस की लागत बढ़ना कारोबारी वास्तविकता है, लेकिन किराया निर्धारण के आधार पारदर्शी होने चाहिए। सीमित प्रतिस्पर्धा और चुनिंदा कंपनियों पर निर्भरता से यात्रियों के विकल्प घट सकते हैं।
ऐसे में एयरलाइंस को प्रतिस्पर्धी किराये, नियमित उड़ानों और बेहतर यात्री सेवाओं के प्रति जवाबदेह बनाना जरूरी है। हवाई सफर केवल संपन्न वर्ग की सुविधा नहीं, आम नागरिक की जरूरत भी है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में रिठाला और इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन के पास बनेंगे दो नए STP, खर्च होंगे 874 करोड़ रुपये
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।