विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में रिठाला और इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन के पास बनेंगे दो नए STP, खर्च होंगे 874 करोड़ रुपये

Published: Sun, 22 Nov 2026 03:34 PM (IST)

सरकार ने 2029 तक यमुना को स्वच्छ करने के लक्ष्य के तहत रिठाला और इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन के पास 874.49 करोड़ रुपये की लागत से दो नए सीवेज उपचार संयंत्र (STP) स्थापित करने की स्वीकृति दी है।

दिल्ली में बनेंगे नए एसटीपी। फाइल फोटो - जागरण

दिल्ली में बनेंगे नए एसटीपी। फाइल फोटो - जागरण

HighLights

  1. रिठाला और इंद्रप्रस्थ में दो नए एसटीपी स्वीकृत।

  2. कुल 55 एमजीडी क्षमता, 874.49 करोड़ रुपये लागत।

  3. यमुना को 2029 तक स्वच्छ करने का लक्ष्य।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। सरकार ने वर्ष 2029 से पहले यमुना को स्वच्छ व अविरल करने का वादा किया है। इसे पूरा करने के लिए नदी में गिरने वाले गंदे पानी को रोकने की चुनौती है।

इसे ध्यान में रखकर पुराने सीवेज उपचार संयंत्रों (STP) की क्षमता व गुणवत्ता बढ़ाने के साथ ही नए स्थापित करने का प्रस्ताव है।

खर्च होंगे 874 करोड़ रुपये

सरकार ने अगले दो वर्षों में सीवेज उपचार की क्षमता को दोगुनी करने का लक्ष्य रखा है। इसी कड़ी में केंद्र सरकार ने 874.49 करोड़ रुपये की लागत से रिठाला और इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन के पास दो नए एसटीपी स्थापित करने की स्वीकृति दी है। दोनों की कुल क्षमता लगभग 55 मिलियन गैलन प्रतिदिन (एमजीडी) होगी।

12 नवंबर को यह निर्णय लिया

राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) की एम्पावर्ड कमेटी ने 12 नवंबर को यह निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत रिठाला में 35 एमजीडी का एसटीपी 509.54 करोड़ रुपये में और इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन के पास सेन नर्सिंग होम ड्रेन के आउटफाल पर 20 एमजीडी का एसटीपी 362.95 करोड़ में बनेगा।

रिठाला का यह नया एसटीपी उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के बड़े हिस्से के अपशिष्ट जल को रोककर और साफ करेगा। वहीं, सेन नर्सिंग होम नाला अभी केवल आंशिक रूप से ही टैप किया गया है, जिससे अतिरिक्त गंदा पानी सीधे यमुना में गिरता है। नया एसटीपी बनने से यह समस्या दूर होगी।

दिल्ली सरकार के दावे के अनुसार राजधनी में 814 एमजीडी सीवेज उपचार करने की व्यवस्था है। कई क्षेत्रों में सीवर नेटवर्क का अभाव और कई एसटीपी की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं होने से अभी भी अपशिष्ट नदी में पहुंच रहा है।

इसके समाधान के लिए सभी क्षेत्रों में सीवर लाइन की सुविधा उपलब्ध कराने और पुराने एसटीपी के उन्नयन का कार्य चल रहा है। गुणवत्ता सुधारने के साथ ही इनकी क्षमता भी बढाई जा रही है।

56 एमजीडी की क्षमता बढ़ेगी

दिसंबर, 2027 तक इनके उन्नयन से लगभग 56 एमजीडी की क्षमता बढ़ेगी, जबकि 35 विकेंद्रिकृत सीवेज उपचार संयंत्र (डीएसटीपी) स्थापित होने से 170 एमजीडी का योगदान मिलेगा।

दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि वर्ष 2028 तक दिल्ली में सीवेज उपचार क्षमता 1500 एमजीडी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 13 नए एसटीपी स्थापित करने का भी प्रस्ताव है। इनकी कुल क्षमता 328 एमजीडी होगी।

नेशनल मिशन फार क्लीन गंगा (एनएमसीजी) द्वारा वित्तपोषित इस परियोजना पर लगभग 7373 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें से दो की स्वीकृति मिल गई है। अगले तीन वर्षों में इनका निर्माण कार्य पूरा किया जाना है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली मेट्रो ने बदली टाइमिंग, दीपावली चौक-मजलिस पार्क रूट पर शनिवार से देर से चलेगी पहली ट्रेन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।