NIOS परीक्षा धांधली मामले में पुलिस की रिपोर्ट पर दिल्ली की कोर्ट ने जताई नाराजगी, DCP से नई रिपोर्ट तलब
द्वारका कोर्ट ने नजफगढ़ के सरकारी स्कूल में एनआईओएस परीक्षा में धांधली और रिश्वतखोरी के मामले में पुलिस की जांच रिपोर्ट पर असंतोष जताया है।

पुलिस की रिपोर्ट से कोर्ट असंतुष्ट। फोटो: सांकेतिक
मुकेश ठाकुर, पश्चिमी दिल्ली। नजफगढ़ के धर्मपुरा स्थित सरकारी स्कूल में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग (एनआईओएस) की परीक्षा में धांधली और रिश्वतखोरी के मामले में द्वारका कोर्ट ने पुलिस की जांच रिपोर्ट पर असंतोष जताया है।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) नेहा प्रिया ने दाखिल एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) को असंतोषजनक बताते हुए इसे जांच अधिकारी की ओर से जांच से पल्ला झाड़ने का प्रयास बताया।
अदालत ने अब संबंधित द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त के हस्ताक्षर से समुचित एटीआर दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 14 जनवरी 2027 को होगी।
पुलिस की जांच रिपोर्ट पर अदालत ने जताया असंतोष
यह मामला अधिवक्ता सुमित कुमार चौहान की ओर से दायर शिकायत से जुड़ा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 22 अप्रैल 2025 को एनआईओएस की परीक्षा के दौरान धर्मपुरा स्थित गवर्नमेंट ब्वाॅयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक अनुपस्थित छात्रा को उपस्थित दिखाने और उसके नाम से उत्तर पुस्तिका तैयार कर जमा कराने का खेल किया गया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, एक निजी व्यक्ति सौरभ ने स्कूल के प्रधानाचार्य और परीक्षा प्रभारी की मिलीभगत से इस काम के लिए पांच हजार रुपये की मांग की थी।
आरोप है कि छात्रा की हाजिरी दर्ज करने, उसकी उत्तर पुस्तिका तैयार कराने और अच्छे अंकों से पास कराने का भरोसा दिया गया। शिकायतकर्ता ने बातचीत और रुपये के लेन-देन की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया है।
बाद में एनआईओएस के आधिकारिक रिकॉर्ड में अनुपस्थित छात्रा की उपस्थिति दर्ज होने और उत्तर पुस्तिका जमा दिखाए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
अनुपस्थित छात्रा को उपस्थित दिखाने का आरोप
पुलिस की ओर से अदालत में दाखिल रिपोर्ट के अनुसार, मामले को एनआईओएस की परीक्षा और उसके आवंटित परीक्षा केंद्र से संबंधित बताते हुए शिकायत और दस्तावेज संस्थान को आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिए गए थे।
पुलिस ने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता को जांच में शामिल होने और साक्ष्य देने के लिए कई बार संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने पहले ही विशेष स्टाफ, द्वारका में शिकायत देने की बात कहते हुए आगे सहयोग करने से अनिच्छा जताई।
हालांकि, 28 नवंबर को सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता और जांच अधिकारी एसआइ राकेश कुमार अदालत में उपस्थित हुए। एटीआर का अवलोकन करने और दोनों पक्षों को सुनने के बाद सीजेएम ने रिपोर्ट को असंतोषजनक करार दिया।
यह भी पढ़ें- दरवाजा बंद और सोफे के नीचे फंसा था सिर, महज 90 सेकंड में पहुंची दिल्ली पुलिस ने ग्रिल तोड़कर बचाई जान