विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरवाजा बंद और सोफे के नीचे फंसा था सिर, महज 90 सेकंड में पहुंची दिल्ली पुलिस ने ग्रिल तोड़कर बचाई जान

Published: Sat, 28 Nov 2026 10:51 PM (IST)

गीता कॉलोनी में एक लकवाग्रस्त बुजुर्ग सोफे के नीचे सिर फंसने से बेसुध पड़े थे और मदद के लिए पुकार रहे थे। दिल्ली पुलिस के बीट अधिकारी जितेंद्र तोमर ने 90 सेकंड में पहुंचकर खिड़की तोड़कर बुजुर्ग को सुरक्षित बचाया।

खिड़की के जरिये पुलिसकर्मी अंदर जाता हुआ और अंदर सोफे के नीचे फंसे बुजुर्ग। फोटो: वीडियो ग्रैब

खिड़की के जरिये पुलिसकर्मी अंदर जाता हुआ और अंदर सोफे के नीचे फंसे बुजुर्ग। फोटो: वीडियो ग्रैब

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। घर में अकेले पड़े एक बुजुर्ग की दर्द से निकल रही आवाजें गली तक पहुंच रही थीं। घर का दरवाजा अंदर से बंद था और मदद के लिए लगाई जा रही हर पुकार के साथ उनकी जिंदगी पर खतरा बढ़ता जा रहा था।

बुजुर्ग का सिर सोफे के नीचे फंसा हुआ था। बुजुर्ग के कपड़ों की जेब में रखा दरवाजे के ताले का इलेक्ट्रॉनिक रिमोट भी गिरने की वजह से दूर जा गिरा था।

ऐसे मुश्किल वक्त में दिल्ली पुलिस के एक बीट अधिकारी फरिश्ता बनकर महज 90 सेकंड में मौके पर पहुंचे। लोहे की खिड़की तोड़कर पुलिसकर्मी अंदर गया और बुजुर्ग को बचाया। पुलिसकर्मी ने अपनी सूझबूझ और साहस से खाकी का मान बढ़ाया।

सूचना मिलते ही 90 सेकंड में पहुंचे बीट अधिकारी

जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि बुजुर्ग चमन लाल गीता कॉलोनी में अकेले रहते हैं। बुजुर्ग पैरालिसिस से पीड़ित हैं। उनका बेटा अपने परिवार के साथ गीता कॉलोनी क्षेत्र में दूसरी जगह रहता है।

शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक बुजुर्ग घर के अंदर से मदद के लिए पुकार लगा रहे हैं। दरवाजा अंदर से बंद है। कॉल मिलते ही बीट अधिकारी जितेंद्र तोमर को मौके पर भेजा गया। वह महज 90 सेकंड में घटनास्थल पर पहुंच गए।

लोहे की ग्रिल उखाड़कर घर में किया प्रवेश

जितेंद्र तोमर ने घर के अंदर झांककर देखा तो चमन लाल फर्श पर बेसुध पड़े थे। उनका सिर सोफे के नीचे फंसा हुआ था। वह दर्द से तड़प रहे थे और खुद से उठने की स्थिति में नहीं थे।

दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण उनके पास पहुंचना आसान नहीं था। ऐसे में हेड कांस्टेबल ने बिना समय गंवाए खिड़की की लोहे की ग्रिल उखाड़ी और घर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला। बुजुर्ग के परिवार को भी सूचना दी।

यह भी पढ़ें- साउथ दिल्ली की सोसायटी में बेजुबान से हैवानियत, कुत्ते के ऊपर डाला तेजाब; दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।