साउथ दिल्ली की सोसायटी में बेजुबान से हैवानियत, कुत्ते के ऊपर डाला तेजाब; दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR
वसंत कुंज के यमुना अपार्टमेंट में एक कुत्ते पर तेजाब से हमला कर जलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जिसमें सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध दिखे हैं।

कुत्ते को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
वसंत कुंज में कुत्ते पर तेजाब से हमला किया गया।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्धों की गतिविधियां दिखीं।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। वसंत कुंज स्थित यमुना अपार्टमेंट में कुत्ते पर तेजाब डालकर जलाने का मामला सामने आया है। अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने कुत्ते को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की शिकायत पुलिस को दी है।
वसंत कुंज साउथ थाना पुलिस ने 24 नवंबर को जांच के बाद बीएनएस की धारा 325 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(ए) व 11(1)(सी) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
कुत्ते के शरीर पर मिले जले हुए निशान
पुलिस के मुताबिक यमुना अपार्टमेंट में रहने वाले एक अधिवक्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 नवंबर को उनके अपार्टमेंट परिसर में रहने वाला एक कुत्ता गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था।
उसके शरीर पर जले हुए जैसे निशान थे। अगले दिन निवासियों ने उसे मसूदपुर स्थित पशु चिकित्सक के पास पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर 14 नवंबर को उसे वसंत कुंज के अल्फा पेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार पशु चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में चोटों को सामान्य आग, पटाखे या गर्म पानी से होने वाली चोटों जैसा नहीं बताया और किसी ने तेजाब डालकर कुत्ते को जलाने की कोशिश की है।
सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्धों की गतिविधियां
शिकायत के मुताबिक सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज में नौ नवंबर की रात दो अज्ञात व्यक्तियों की गतिविधियों पर संदेह जताया गया है। दोनों अलग-अलग समय पर आठवीं मंजिल पर एक फ्लैट की ओर जाते दिखे।
इसके अलावा सातवीं मंजिल पर सफेद रंग का संदिग्ध निशान और छत पर सफाई में इस्तेमाल होने वाले रसायन की बोतल भी मिली है।
पुलिस से संबंधित धारा में केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित करने, संदिग्ध पदार्थों की जांच कराने और संबंधित लोगों से पूछताछ करने की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- बिना नोटिस ढहाया था मकान, कोर्ट का दिल्ली सरकार को 3 लाख मुआवजा देने का आदेश; 15 साल बाद मिला इंसाफ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।