विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिना नोटिस ढहाया था मकान, कोर्ट का दिल्ली सरकार को 3 लाख मुआवजा देने का आदेश; 15 साल बाद मिला इंसाफ

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:14 PM (GMT+05:30)

पटियाला हाउस कोर्ट ने बिना नोटिस रंगपुरी में मकान ढहाने को मनमाना मानते हुए दिल्ली सरकार, ग्राम सभा और एसडीएम को तीन लाख रुपये हर्जाना देने का आदेश दिया है। 

पटियाला हाउस कोर्ट ने कहा- बिना नोटिस किसी को बेदखल नहीं कर सकते। फोटो: आर्काइव

पटियाला हाउस कोर्ट ने कहा- बिना नोटिस किसी को बेदखल नहीं कर सकते। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. कोर्ट ने बिना नोटिस मकान ढहाने को मनमाना बताया।

  2. दिल्ली सरकार को तीन लाख रुपये हर्जाना देने का आदेश।

  3. कानूनी प्रक्रिया के बिना बेदखली नहीं, कोर्ट का स्पष्टीकरण।

रीतिका मिश्रा, नई दिल्ली। बिना नोटिस और कानूनी प्रक्रिया का पालन किए किसी व्यक्ति को उसके मकान से बेदखल नहीं किया जा सकता। भले ही संबंधित जमीन सरकारी या ग्राम सभा की हो, लेकिन लंबे समय से काबिज व्यक्ति को हटाने के लिए कानून की प्रक्रिया अपनाना जरूरी है।

पटियाला हाउस स्थित जिला अदालत ने यह महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए रंगपुरी गांव में 15 वर्ष पहले एक व्यक्ति का मकान ढहाए जाने के मामले में दिल्ली सरकार, ग्राम सभा और एसडीएम को तीन लाख रुपये हर्जाना देने का निर्देश दिया है।

अदालत ने मुआवजे की राशि पर मुकदमा दायर करने की तारीख से भुगतान होने तक छह प्रतिशत सालाना ब्याज देने का भी आदेश दिया है।

बिना कानूनी प्रक्रिया बेदखली मनमानी

जिला न्यायाधीश साक्षी सेजवाल ने स्पष्ट किया कि याचिकाकर्ता जमीन का मालिकाना हक साबित नहीं कर पाया, लेकिन उसके लंबे समय से वहां रहने और कब्जे में होने के पर्याप्त साक्ष्य मौजूद थे। ऐसे में उसे बिना कानूनी प्रक्रिया अपनाए बेदखल करना मनमाना था।

ग्राम सभा की जमीन पर भी कब्जे को संरक्षण

अदालत ने साक्ष्यों के आधार पर माना कि संबंधित जमीन ग्राम सभा की थी और याचिकाकर्ता उसका मालिक नहीं था।

हालांकि, वर्ष 2005 की राजस्व संबंधी रिपोर्ट, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों से यह साबित हुआ कि वह तोड़फोड़ से पहले लंबे समय से जमीन पर काबिज था। अदालत ने कहा कि मकान, आजीविका और पशुओं के आश्रय का नुकसान हुआ है।

2011 में जेसीबी से ढहाया था मकान

मामले के अनुसार, रंगपुरी गांव निवासी नंद किशोर प्रजापति का दावा था कि उसका परिवार तीन पीढ़ियों से खसरा नंबर 609/2 की 10 बिस्वा जमीन पर रह रहा था।

यहां उसका कच्चा-पक्का मकान था, जहां परिवार मिट्टी के बर्तन बनाने और निर्माण सामग्री की आपूर्ति का काम भी करता था। इसके लिए उसने छह खच्चर, एक गधा और दो घोड़े पाल रखे थे।

याचिकाकर्ता के अनुसार, 20 सितंबर 2011 को जब वह एक अन्य मामले में दिल्ली हाई कोर्ट गया हुआ था, तभी सरकारी अधिकारियों ने पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से उसका मकान और चारदीवारी ढहा दी।

इस दौरान तैयार मिट्टी के बर्तन भी नष्ट हो गए और पशु खुले में आ गए। उसका आरोप था कि तोड़फोड़ से पहले न तो कोई नोटिस दिया गया और न ही सुनवाई का अवसर मिला।

यह भी पढ़ें- महिला को 7 घंटे हिरासत में रखा और वजह भी नहीं बताई, दिल्ली HC ने पूछा- क्या झूठा कलंदरा बना? जांच का आदेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।