विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महिला को 7 घंटे हिरासत में रखा और वजह भी नहीं बताई, दिल्ली HC ने पूछा- क्या झूठा कलंदरा बना? जांच का आदेश

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:03 PM (IST)

दिल्ली हाई कोर्ट ने एक महिला को बिना आधार बताए सात घंटे हिरासत में रखने के मामले में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने और जांच का निर्देश दिया है। 

महिला को हिरासत पर रखे जाने पर दिल्ली हाई कोर्ट की सख्ती। फोटो: आर्काइव

महिला को हिरासत पर रखे जाने पर दिल्ली हाई कोर्ट की सख्ती। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. हाई कोर्ट ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने को कहा।

  2. विशेष आयुक्त को झूठी निवारक कार्यवाही की जांच का निर्देश।

  3. महिला को बिना आधार बताए सात घंटे हिरासत में रखा गया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। थाने में करीब सात घंटे तक हिरासत में रखे जाने और इसका आधार न बताए जाने के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने पुलिस को संबंधित थाने की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने का निर्देश दिया है।

न्यायमूर्ति सचिन दत्ता की पीठ ने पुलिस के विशेष आयुक्त से यह जांच करने को भी कहा है कि क्या महिला की हिरासत को सही ठहराने के लिए उसके खिलाफ झूठी निवारक कार्यवाही शुरू की गई थी।

निवारक कार्यवाही रद करने की मांग

याचिकाकर्ता योगिता ने याचिका में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 और 170 के तहत शुरू की गई निवारक कार्यवाही (कलंदरा) रद करने की मांग की है।

धारा 126 शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा से जुड़ी है, जबकि धारा 170 संज्ञेय अपराध रोकने के लिए निवारक गिरफ्तारी का प्रावधान करती है।

उसने हिरासत को गैर-कानूनी घोषित करने, मुआवजा देने और संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू करने की मांग भी की है।

पुलिस के अनुसार, नौ अक्टूबर को गश्त के दौरान दिल्ली के मलका गंज इलाके में भीड़ जमा थी। आरोप है कि महिला पड़ोसियों को अपशब्द कह रही थी और लोगों को विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए उकसा रही थी। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

सात घंटे हिरासत में रखने का आरोप

महिला का दावा है कि सादे कपड़ों में पांच पुलिस अधिकारी उसे यह कहकर थाने ले गए कि थाना प्रभारी शांति व्यवस्था के बारे में बात करना चाहते हैं।

उसने आरोप लगाया कि करीब सात घंटे तक थाने में रखने के बावजूद हिरासत का कारण नहीं बताया गया। बाद में उसे विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (एसईएम) के सामने पेश किया गया और एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

छह सप्ताह में आवेदन पर निर्णय का आदेश

याचिकाकर्ता के अनुसार, उसके खिलाफ कलंदरा झूठा और मनगढ़ंत है तथा हिरासत को सही ठहराने के लिए तैयार किया गया। एसईएम के समक्ष कार्यवाही लंबित है।

अदालत ने इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड नष्ट होने की आशंका पर संज्ञान लेते हुए फुटेज सुरक्षित रखने और विशेष आयुक्त को छह सप्ताह में महिला के आवेदन पर निर्णय लेने का आदेश दिया।

निर्णय में कलंदरा गलत तरीके से तैयार किए जाने के आरोप पर विचार होगा। महिला को सामग्री पेश करने और पक्ष रखने का अवसर भी दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- नागरिकता मिलने से 3 साल पहले वोटर लिस्ट में दर्ज था सोनिया गांधी का नाम, दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में दाखिल की रिपोर्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।