नागरिकता मिलने से 3 साल पहले वोटर लिस्ट में दर्ज था सोनिया गांधी का नाम, दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में दाखिल की रिपोर्ट
दिल्ली पुलिस ने सोनिया गांधी की नागरिकता और मतदाता सूची मामले में कोर्ट में एक्शन टेकन रिपोर्ट दाखिल की है। पुलिस ने बताया कि 1980 की मतदाता सूची में उनका नाम था।

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
दिल्ली पुलिस ने सोनिया गांधी नागरिकता मामले में एटीआर दाखिल की।
1980 की मतदाता सूची में नाम, 1983 में मिली भारतीय नागरिकता।
कोर्ट ने जांच अधिकारी से आगे की स्थिति स्पष्ट करने को कहा।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की नागरिकता और मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस ने शनिवार को राउज एवेन्यू स्थित अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) दाखिल की।
पुलिस ने रिपोर्ट में कहा है कि सोनिया गांधी वर्ष 1980 में भारतीय नागरिक नहीं थीं, जबकि उनका नाम उस वर्ष की मतदाता सूची में दर्ज था। उन्हें अप्रैल 1983 में भारतीय नागरिकता मिली थी।
कब होगी कोर्ट की अगली सुनवाई?
पुलिस के अनुसार, जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) और केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) से इसकी पुष्टि हुई है। अब कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर को तय की है।
यह शिकायत अधिवक्ता विकास त्रिपाठी ने 24 अगस्त 2025 को दाखिल की थी। इसमें आरोप लगाया गया है कि सोनिया गांधी का नाम भारतीय नागरिकता प्राप्त करने से पहले ही मतदाता सूची में शामिल कर लिया गया था।
मामले की सुनवाई अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनोद जोशी की अदालत में हो रही है। शनिवार को दिल्ली पुलिस की ओर से तुगलक रोड थाने के सब इंस्पेक्टर यशवंत ने एटीआर पेश की।
निर्वाचन अधिकारी से जवाब का इंतजार
पुलिस ने अदालत को बताया कि दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) को नोटिस जारी किया गया है, लेकिन उनका जवाब अभी प्राप्त नहीं हुआ है। इसलिए जांच पूरी करने के लिए और समय की आवश्यकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) के कार्यालय से मिले पत्र में पुष्टि की गई कि सोनिया गांधी का नाम वर्ष 1980 और वर्ष 1983 की मतदाता सूचियों में दर्ज था। हालांकि, फार्म-6 और अन्य संबंधित दस्तावेज अभी उपलब्ध नहीं हुए हैं, इनकी तलाश जारी है।
अदालत ने क्या कहा?
पुलिस ने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित रिकार्ड डीएम कार्यालय में रखे जाते हैं। अदालत ने मामले में जांच अधिकारी से आगे की जांच और संभावित अपराध के संबंध में स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। साथ ही तुगलक रोड थाने के एसएचओ को तलब कर यह बताने का निर्देश दिया है कि मामले में कौन-सा अपराध बनता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।