उत्तरी दिल्ली में चार नए ट्रैफिक बूथों का उद्घाटन, जनसहायता केंद्र के रूप में भी करेंगे काम
उत्तरी दिल्ली में यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने चार नए बूथ शुरू किए हैं।

मुकरबा चौक पर ट्रैफिक बूथ का उद्घाटन करते यातायात पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त संजय त्यागी। फोटो-दिल्ली पुलिस
HighLights
उत्तरी दिल्ली में चार नए ट्रैफिक बूथों का उद्घाटन।
यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा में सुधार का लक्ष्य।
पुलिसकर्मियों को सुविधा, जनता को तत्काल सहायता मिलेगी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़क सुरक्षा मजबूत करने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने चार नए ट्रैफिक बूथ शुरू किए हैं।
मुकरबा चौक, पल्ला रेड लाइट, जिंदपुर और दिल्ली टेक्नोलाजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू), शाहबाद दौलतपुर में बनाए गए इन बूथों से न केवल ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य-सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि वाहन चालकों और आम लोगों को भी यातायात संबंधी समस्याओं के समाधान में सहूलियत होगी।
यातायात पुलिस के संयुक्त आयुक्त ने किया उद्घाटन
यातायात पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त संजय त्यागी ने शुक्रवार को इन चारों बूथों का उद्घाटन किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विजयंता गोयल आर्य और उत्तरी रेंज के यातायात उपायुक्त डॉ. सचिन कुमार सिंघल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इन बूथों को ऐसे प्रमुख स्थानों पर स्थापित किया गया है, जहां यातायात प्रबंधन और पुलिसकर्मियों की फील्ड में मौजूदगी महत्वपूर्ण है।
डीटीयू, पल्ला रेड लाइट और जिंदपुर के बूथों का निर्माण दिल्ली टेक्नोलाजिकल यूनिवर्सिटी, दिल्ली जल बोर्ड, पाम ग्रीन और कार्निवल रिसार्ट्स के सहयोग से किया गया है।
शिकायत केंद्र का भी होगा विकसित
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इन बूथों को केवल पुलिसकर्मियों के बैठने की जगह तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इन्हें यातायात नियमन, जनसहायता और स्थानीय स्तर पर ट्रैफिक संबंधी शिकायतों के समाधान के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
इससे प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और आम लोगों को भी जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता मिल सकेगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली की सड़कों से हटेंगे 'ब्लैक स्पॉट', अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से ट्रैफिक फ्रेंडली डिजाइन सीखेंगे PWD इंजीनियर