दिल्ली की सड़कों से हटेंगे 'ब्लैक स्पॉट', अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से ट्रैफिक फ्रेंडली डिजाइन सीखेंगे PWD इंजीनियर
दिल्ली में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के मद्देनजर, पीडब्ल्यूडी अभियंता अंतरराष्ट्रीय सड़क सुरक्षा मानकों पर प्रशिक्षण लेंगे। इसके लिए 15 दिसंबर को कार्यशाला आयोजित की जाएगी।

PWD इंजीनियरों को दी जाएगी खास ट्रेनिंग। फोटो-एआई जेनरेटेड
HighLights
पीडब्ल्यूडी अभियंता अंतरराष्ट्रीय सड़क सुरक्षा मानकों का प्रशिक्षण लेंगे।
15 दिसंबर को ब्लैक स्पॉट सुधार पर कार्यशाला आयोजित होगी।
पैदल यात्री सुविधाओं और यातायात डिज़ाइन पर विशेष ध्यान।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। सड़क दुर्घटनाएं की बढ़ती संख्या को देखते हुए लोगों के लिए यातायात फ्रेंडली सड़कें बनाने तथा सड़कों पर सुरक्षित यातायात की दृष्टि से भी खामियां दूर करने पर बात हो रही है। इसके लिए सड़कों को निर्माण में नई-नई तकनीक के बारे में अभियंताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सड़क सुरक्षा के लिहाज से निर्माण में अंतरराष्ट्रीय मानकों पर जोर दे रहा है। इसी कड़ी में पीडब्ल्यूडी के अभियंता सड़क सुरक्षा के गुर सीखेंगे। यह पहल सुप्रीम कोर्ट के पैदल यात्री सुविधाओं के ऑडिट और उनमें सुधार संबंधी निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है।
पीडब्ल्यूडी द्वारा कार्यशाला का आयोजन
सुप्रीम कोर्ट सड़क दुर्घटनाओं को लेकर लगातार प्रशासनिक व्यवस्था पर कड़ी टिप्पणी कर रहा है। पीडब्ल्यूडी द्वारा अब इस बारे में अभियंताओं की कार्यशाला आयोजित की जाएगी। 15 दिसंबर को पीडब्ल्यूडी मुख्यालय में होने वाली इस कार्यशाला में अभियंताओं और यातायात पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसमें चौराहों को सुरक्षित बनाने, दुर्घटना संभावित स्थानों (ब्लैक स्पॉट) की खामियां दूर करने और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सड़क डिजाइन तैयार करने पर चर्चा होगी। कार्यशाला में ब्लूमबर्ग फिलैंथ्रोपीज, वर्ल्ड रिसोर्स इंस्टीट्यूट (डब्ल्यूआरआई) इंडिया, और ग्लोबल डिजाइनिंग सिटीज इनिशिएटिव भाग लेंगे।
यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी
पीडब्ल्यूडी के प्रधान मुख्य अभियंता (अनुरक्षण, उद्यान एवं सेतु) की ओर से 27 नवंबर को जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार कार्यशाला में पीडब्ल्यूडी के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा के वैश्विक मानकों और बेहतर शहरी यातायात व्यवस्था से अधिकारियों को परिचित कराना है।
प्रशिक्षण के दौरान देश-विदेश के उदाहरणों के माध्यम से बताया जाएगा कि किस तरह सड़कों और चौराहों की डिजाइन में बदलाव कर दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सकती है।
ब्लैक स्पॉट की पहचान का अभ्यास
कार्यशाला में विशेष समूह अभ्यास भी होगा। इसमें इंजीनियरों को दुर्घटना संभावित स्थानों यानी ब्लैक स्पॉट की पहचान कर उनके डिजाइन में सुधार करने का व्यावहारिक अभ्यास कराया जाएगा।
इसके बाद अधिकारी अपने सुझाव विशेषज्ञों के सामने रखेंगे। पीडब्ल्यूडी ने सभी संबंधित मुख्य अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं को अपने-अपने विभागों से अधिकारियों को नामित कर कार्यशाला में भेजने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली सरकार की बड़ी कार्रवाई, जनहित में बंद की गईं शराब की 23 दुकानें; 52 और पर लगेगा ताला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।