Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    नई दिल्ली से उड़ी फ्लाइट जम्मू एयरपोर्ट के ऊपर लगाती रही चक्कर, फिर वापस IGI Airport लौटी; वजह आई सामने

    By GAUTAM KUMAR MISHRAEdited By: Sonu Suman
    Updated: Mon, 23 Jun 2025 08:49 PM (IST)

    एअर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली से जम्मू जा रही उड़ान संख्या आइएक्स 2564 जीपीएस सिग्नल की समस्या के कारण जम्मू में लैंड नहीं कर पाई और वापस दिल्ली लौट आई। जम्मू एयरपोर्ट अधिकारियों को कोई दिक्कत नहीं दिखी, लेकिन एयरलाइन ने जीपीएस समस्या को कारण बताया। विमान सुरक्षित दिल्ली उतरा और यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की गई।

    Hero Image

    एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट जम्मू एयरपोर्ट पर उतरने के बजाय लौटी दिल्ली।

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। नई दिल्ली से जम्मू जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या आइएक्स 2564 जम्मू पहुंचकर भी वहां लैंड नहीं कर पाई और वहां आसमान में चक्कर लगाने के बाद नई दिल्ली लौट आई। जम्मू एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट पर लैंडिंग से जुड़ी प्रक्रिया में कोई दिक्कत नहीं थी, ऐसे में विमान ने दिल्ली लौटने का फैसला क्यों किया, यह समझ से परे की बात है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उधर एअर इंडिया एक्सप्रेस ने दिल्ली लौटने के पीछे जीपीएस सिग्नल से जुड़े कारण को इसके लिए उत्तरदायी करार दिया। उड़ान संख्या आइएक्स 2564 ने नई दिल्ली से निर्धारित समय से 24 मिनट की देरी से 11.04 बजे उड़ान भरी। उड़ान के समय सबकुछ ठीक था। विमान ने तय समय पर जम्मू के वायु क्षेत्र में प्रवेश भी किया, लेकिन एकाएक विमान के पायलट को जीपीएस सिग्नल से जुड़ी कुछ समस्या महसूस हुई।

    जम्मू में लैंडिंग के बजाय नई दिल्ली लौटने का फैसला किया

    इसके बाद पायलट ने वहां लैंडिंग के बजाय नई दिल्ली लौटने का फैसला किया। बाद में इस निर्णय से नई दिल्ली एटीसी को अवगत कराया गया। जिसके बाद विमान ने एक बार फिर जम्मू से नई दिल्ली की दूरी तय की और आइजीआइ एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। लैंडिंग पूरी तरह सुरक्षित रही।

    एअर इंडिया एक्सप्रेस का कहना है कि नई दिल्ली में लैंडिंग के बाद इसमें सवार यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान का प्रबंध किया गया। एअर इंडिया एक्सप्रेस का यह भी कहना है कि कुछ संवेदनशील क्षेत्रों में जीपीएस सिग्नल से जुड़ी समस्या आती है।