DU UG Admission 2026: अब तक 82940 छात्रों ने कराया रजिस्ट्रेशन, जल्द शुरू होगा CSAS का फेज-2
दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक दाखिले के लिए 30 जून तक 82,940 अभ्यर्थियों ने सीएसएएस-यूजी के पहले चरण में पंजीकरण कराया है। विश्वविद्यालय जल्द ही दूसरे चरण की शुरुआत करेगा, जिसमें छात्रों को कॉलेज और पाठ्यक्रमों की प्राथमिकताएं भरनी होंगी।

लगातार बढ़ रहा है छात्रों का उत्साह।। फाइल फोटो
HighLights
डीयू यूजी दाखिले के लिए 82,940 छात्रों ने पंजीकरण किया।
सीएसएएस-यूजी का पहला चरण 30 जून तक संपन्न हुआ।
जल्द शुरू होगा दूसरा चरण, प्राथमिकताएं भरनी होंगी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) दाखिले के लिए छात्रों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
विश्वविद्यालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 30 जून तक कामन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस-यूजी) के पहले चरण के तहत 82,940 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। यह प्रक्रिया 26 जून से शुरू हुई थी और आवेदन संख्या लगातार बढ़ रही है।
जल्द होगी दूसरे चरण की शुरूआत
विश्वविद्यालय प्रशासन अब जल्द ही सीएसएएस के दूसरे चरण (फेज-2) की शुरुआत करेगा। इस चरण में अभ्यर्थियों को अपने पसंदीदा कालेज और पाठ्यक्रमों की प्राथमिकताएं भरनी होंगी। इन्हीं विकल्पों और सीयूईटी-यूजी 2026 के अंकों के आधार पर सीट आवंटन किया जाएगा।
डीयू के 67 कालेजों में इस वर्ष 73 स्नातक पाठ्यक्रमों और 100 से अधिक बीए प्रोग्राम कांबिनेशन में प्रवेश दिया जाएगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश केवल सीयूईटी- यूजी 2026 के स्कोर और निर्धारित पात्रता शर्तों के आधार पर होगा।
अभ्यर्थियों को नियमित अपडेट लेने की सलाह
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे सीएसएएस पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें और दूसरे चरण के शुरू होते ही समय-सीमा के भीतर अपनी कालेज एवं पाठ्यक्रम प्राथमिकताएं भर दें, ताकि सीट आवंटन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।