DU PG Admission 2026: अपग्रेड, मिड-एंट्री और करेक्शन विंडो की डेट आई, 6 जुलाई को होगा तीसरा सीट आवंटन
दिल्ली विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातकोत्तर प्रवेश के लिए मिड-एंट्री, करेक्शन विंडो और अपग्रेड सहित विस्तृत शेड्यूल जारी ...और पढ़ें

दो से चार जुलाई तक मिलेगा नया अवसर। फाइल फोटो
HighLights
मिड-एंट्री आवेदन 2 से 4 जुलाई तक, शुल्क 1000 रुपये।
करेक्शन विंडो भी 2 से 4 जुलाई तक, श्रेणी एक बार बदलें।
अपग्रेड विकल्प 30 जून से 1 जुलाई तक उपलब्ध रहेगा।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। डीयू ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातकोत्तर (पीजी) प्रवेश के लिए सीएसएएस (पीजी)-2026 के तहत अपग्रेड, मिड-एंट्री, करेक्शन विंडो, तीसरे राउंड की सीट आवंटन प्रक्रिया तथा प्रदर्शन आधारित पाठ्यक्रमों, सीडब्ल्यू, स्पोर्ट्स और वार्ड कोटे के प्रवेश कार्यक्रम का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों ने पहले आवेदन नहीं किया था या आवेदन अधूरा रह गया था, उन्हें 2 जुलाई सुबह 10 बजे से 4 जुलाई शाम 4:59 बजे तक मिड-एंट्री के माध्यम से आवेदन का अवसर मिलेगा। इसके लिए 1000 रुपये का गैर-वापसी योग्य शुल्क देना होगा।
एक बार ही बदल सकेंगे कैटेगरी
इसी अवधि में पहले से पंजीकृत उम्मीदवारों के लिए करेक्शन विंडो भी खुली रहेगी, जिसमें वे पात्रता संबंधी जानकारी में संशोधन कर सकेंगे। हालांकि, श्रेणी (कैटेगरी) बदलने की सुविधा केवल एक बार ही उपलब्ध होगी।
विश्वविद्यालय ने बताया कि अपग्रेड विंडो 30 जून सुबह 10 बजे से 1 जुलाई शाम 4:59 बजे तक खुली रहेगी। इस दौरान पहले या दूसरे राउंड में प्रवेश की पुष्टि कर चुके विद्यार्थी अपनी सीट को 'फ्रीज' करने या 'अपग्रेड' का विकल्प चुन सकेंगे। जिन छात्रों को पहली पसंद का कॉलेज मिल चुका है या जिन्होंने पहले ही सीट फ्रीज कर दी है, वे अपग्रेड के पात्र नहीं होंगे।
11 जुलाई तक जमा कर सकेंगे शुल्क
डीयू के अनुसार, तीसरे राउंड का सीट आवंटन तथा एमएफए, एमए म्यूजिक, बीपीएड., एमपीएड. सहित प्रदर्शन आधारित पाठ्यक्रमों के पहले राउंड का परिणाम 6 जुलाई को घोषित किया जाएगा। वहीं सीडब्ल्यू, स्पोर्ट्स और वार्ड कोटे का आवंटन 7 जुलाई को जारी होगा।
आवंटित सीट स्वीकार करने की अंतिम तिथि 9 जुलाई शाम 4:59 बजे निर्धारित की गई है। कालेज 10 जुलाई तक दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे, जबकि प्रवेश शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 11 जुलाई शाम 4:59 बजे होगी।
यह भी पढ़ें- डीयू के 657 लॉ छात्रों को सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली HC में इंटर्नशिप का मौका, 1 जुलाई से होगी शुरुआत
यह भी पढ़ें- DU Admission 2026: डीयू यूजी में 41 हजार से ज्यादा आवेदन, पीजी में 9675 छात्रों का एडमिशन पक्का
