DU Admission 2026: डीयू में बीए (ऑनर्स) पॉलिटिकल साइंस की बढ़ी डिमांड, 10 अंक तक बढ़ सकती है कटऑफ
डीयू में बीए (आनर्स) पालिटिकल साइंस सबसे अधिक मांग वाले पाठ्यक्रमों में से एक है, जिसकी कटऑफ 2026 में 8-10 ...और पढ़ें

दिल्ली विश्वविद्यालय। फाइल फोटो
HighLights
बीए पॉलिटिकल साइंस की कटऑफ 8-10 अंक बढ़ेगी।
यूपीएससी और सिविल सेवाओं के लिए छात्रों की पहली पसंद।
हिंदू कॉलेज, मिरांडा हाउस में सबसे ऊंची कटऑफ।
लोकेश शर्मा, नई दिल्ली। डीयू में बीए (आनर्स) पालिटिकल साइंस एक बार फिर सबसे अधिक मांग वाले पाठ्यक्रमों में शामिल है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), राज्य लोक सेवा आयोग, न्यायिक सेवाओं, कानून, पत्रकारिता, अंतरराष्ट्रीय संबंध, सार्वजनिक नीति और सक्रिय राजनीति में करियर बनाने वाले विद्यार्थियों की पहली पसंद होने के कारण इस कोर्स की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
प्रवेश विशेषज्ञों का अनुमान है कि वर्ष 2026 में भी इस कोर्स की कटआफ ऊंचे स्तर पर रहेगी और पिछले वर्ष की तुलना में आठ से 10 अंकों तक बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
सबसे अधिक हिंदू कॉलेज की कटऑफ
2025 में बीए आनर्स पालिटिकल साइंस की सबसे अधिक कटआफ हिंदू कालेज में 950.58 अंक रही। इसके बाद मिरांडा हाउस (925.98), लेडी श्रीराम कालेज (909.69), किरोड़ीमल कालेज (894.94), हंसराज कालेज (875.07), श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कालेज (855.27) और जीसस एंड मैरी कालेज (835.88) अंक पर प्रवेश मिला। इससे स्पष्ट है कि यह पाठ्यक्रम डीयू के सबसे प्रतिस्पर्धी कोर्सों में शामिल है।
बीए आनर्स पालिटिकल साइंस में भारतीय संविधान, लोकतंत्र, संसद, चुनाव प्रणाली, राजनीतिक सिद्धांत, सार्वजनिक प्रशासन, अंतरराष्ट्रीय संबंध, विदेश नीति, मानवाधिकार, वैश्विक राजनीति और सार्वजनिक नीति जैसे विषय पढ़ाए जाते हैं। यही कारण है कि यूपीएससी, एसएससी, यूजीसी-नेट, एलएलबी, शोध और शिक्षण की तैयारी करने वाले छात्रों के बीच इसकी मांग सबसे अधिक रहती है।
छात्रों को मिलती है राष्ट्रीय स्तर की पहचान
इस विषय के लिए हिंदू कालेज, मिरांडा हाउस, लेडी श्रीराम कालेज, किरोड़ीमल कालेज, हंसराज कालेज, रामजस कालेज, श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कालेज, इंद्रप्रस्थ कालेज फार वूमेन, दौलत राम कालेज और जीसस एंड मैरी कालेज को डीयू के प्रमुख संस्थानों में गिना जाता है।
इन कालेजों में मजबूत फैकल्टी, सक्रिय डिबेटिंग सोसायटी, माडल यूनाइटेड नेशंस, पालिसी रिसर्च और सिविल सेवा की तैयारी का बेहतर माहौल छात्रों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाता है।
राजनीति विज्ञान की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रशासनिक सेवाओं के अलावा संसद अनुसंधान, नीति आयोग, थिंक टैंक, चुनाव विश्लेषण, राजनीतिक परामर्श, कूटनीतिक सेवाएं, मीडिया, अंतरराष्ट्रीय संस्थानों और गैर-सरकारी संगठनों में भी रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।
यह भी पढ़ें- डीयू के 104 साल के इतिहास में पहली बार, लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए कुलगुरु बने प्रो. योगेश सिंह
यह भी पढ़ें- डीयू के कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज में बड़ा बदलाव, 7 में से 6 स्किल आधारित कोर्स बंद
