विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से गूंज उठा जेएलएन स्टेडियम, गानों पर मोबाइल फ्लैशलाइट जलाकर थिरके हजारों फैंस

Published: Fri, 30 Oct 2026 11:20 PM (IST)

दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ ने अपने लाइव कॉन्सर्ट से युवाओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके सुपरहिट गानों पर हजारों प्रशंसक थिरकते नजर आए।

दिलजीत दोसांझ के कंसर्ट में पहुंचे लोग। फोटो-दैनिक जागरण

दिलजीत दोसांझ के कंसर्ट में पहुंचे लोग। फोटो-दैनिक जागरण

HighLights

  1. दिलजीत दोसांझ के गानों पर हजारों प्रशंसक झूमे।

  2. जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिखा जबरदस्त उत्साह।

  3. युवाओं ने मोबाइल फ्लैशलाइट जलाकर सुर मिलाए।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। जैसे ही ‘लवर...’ की धुन गूंजी, हजारों हाथ हवा में उठ गए। कोई मोबाइल में इस पल को कैद करने लगा तो कोई अपने पसंदीदा गायक के साथ सुर मिलाने लगा। ‘तू जूलियट जट दी’, ‘गोट’ और ‘डू यू नो’ जैसे सुपरहिट गानों पर दर्शकों का उत्साह देखते ही बना।

कहीं युवाओं की टोली कंधे पर हाथ रखकर भांगड़ा करती दिखी, तो कहीं युवा मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर सुर मिला रहे थे। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार शाम कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ की आवाज ने युवाओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।

म्यूजिकल नाइट पर फैंस में दिखा उत्साह

शाम ढलते ही स्टेडियम में प्रशंसकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। स्टेडियम में दाखिल होते ही कॉन्सर्ट का खुमार महसूस होने लगा। खास अंदाज वाली पगड़ियां, स्टाइलिश आउटफिट और हाथों में मोबाइल लिए प्रशंसक इस म्यूजिकल शाम के लिए पूरी तरह तैयार थे।

किसी के लिए यह पहली बार दिलजीत को लाइव देखने का मौका था तो कोई उनके गानों का पुराना प्रशंसक बनकर पहुंचा था। मंच पर रंग-बिरंगी रोशनी और बिग स्क्रीन ने उत्साह को और बढ़ा दिया।

दिलजीत दोसांझ की एंट्री पर झूम उठा स्टेडियम

दिलजीत की एंट्री के साथ ही दर्शकों का शोर कई गुना बढ़ गया। तालियां, सीटियां और 'दिलजीत... दिलजीत...' के शोर से पूरा स्टेडियम गूंज उठा। इसके बाद शुरू हुआ गानों का ऐसा सिलसिला कि युवा झूम उठे।

‘सांसों की माला पे सिमरु मैं', ‘इक कुड़ी जिदा नाम मोहब्बत', ‘तू मुझे कबूल मै तुझे कबूल, ‘हरे राम हरे राम हरे कृष्णा हरे राम' जैसे गानों की धुन पर युवा जमकर थिरकते दिखे।

दिल्ली पर लुटाया प्यार

दोस्तों के साथ किसी गाने पर वीडियो बनाते और इस शाम को इंटरनेट मीडिया की यादगार रील में बदलने में जुटे युवाओं का उत्साह भी अलग ही था। हर धुन पर थिरकते कदम गवाही दे रहे थे कि दिलजीत ने अपनी प्रस्तुति से दिल्लीवालों का दिल जीत लिया है। वहीं दिलजीत ने भी आइ लव यू दिल्ली...कहकर सभी को अपना बना दिया।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण पर डिजिटल निगरानी, CAQM का 'पवन' प्लेटफॉर्म एक क्लिक पर देगा 5 राज्यों का डेटा

यह भी पढ़ें- दिल्ली में टूटा 75 साल पुराना रिकॉर्ड, 1951 के बाद अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन रहा; बारिश भी 4 साल में सबसे ज्यादा 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।