अब फेस रिकग्निशन से होगी इंटरनेशनल फ्लाइट में एंट्री, दिल्ली समेत 7 एयरपोर्ट पर DigiYatra का ट्रायल शुरू
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए डिजियात्रा सुविधा का ट्रायल शुरू हो गया है, जिससे चेहरे की पहचान के जरिए यात्रा आसान ...और पढ़ें

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के यात्रा के लिए डिजीयात्रा की सुविधा शुरू। फोटो: आर्काइव
HighLights
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए डिजियात्रा सुविधा का ट्रायल शुरू।
चेहरे की पहचान से एयरपोर्ट चेकपॉइंट पर मिलेगी आसानी।
दिल्ली सहित सात एयरपोर्ट पर भारतीय ई-पासपोर्ट धारकों को लाभ।
गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। दिल्ली एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से संबंधित यात्रियों के लिए डिजियात्रा सुविधा का ट्रायल शुरू हो गया है। इसके जरिये यात्री चेहरे की पहचान के माध्यम से एयरपोर्ट के निर्धारित चेक प्वॉइंट से गुजर सकेंगे।
हालांकि, फिलहाल यह सुविधा सभी विदेशी यात्रियों के लिए नहीं है। पहले चरण में ई-पासपोर्ट रखने वाले भारतीय नागरिकों को इसका लाभ मिलेगा। यह सुविधा एअर इंडिया और इंडिगो की चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर उपलब्ध होगी।
नई सुविधा के साथ ही भारत घरेलू उड़ानों के बाद अब अंतरराष्ट्रीय विमानन व्यवस्था को भी डिजिटल पहचान और फेस रिकग्निशन तकनीक से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। एक नवंबर से दिल्ली समेत देश के सात प्रमुख एयरपोर्ट पर इस व्यवस्था का ट्रायल शुरू किया गया है।
इनमें मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोच्चि, चेन्नई और अमृतसर शामिल हैं। ट्रायल दिसंबर तक चलेगा। इसके अनुभव के आधार पर 2027 में इसका विस्तार किया जा सकता है।
पासपोर्ट और इमिग्रेशन जरूरी रहेंगे
डिजियात्रा शुरू होने का मतलब यह नहीं है कि अंतरराष्ट्रीय यात्रा में पासपोर्ट, वीजा या इमिग्रेशन की प्रक्रिया खत्म हो जाएगी। ये सभी प्रक्रियाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। डिजियात्रा केवल एयरपोर्ट के निर्धारित चेक प्वॉइंट पर पहचान सत्यापन को आसान बनाएगी।
2.65 करोड़ यूजर्स के साथ बढ़ रही डिजियात्रा
डिजियात्रा का इस्तेमाल अब तक मुख्य रूप से घरेलू हवाई यात्रा में किया जा रहा था। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, इस प्लेटफार्म के 2.65 करोड़ से अधिक यूजर्स हैं और इसके जरिये देश के 39 घरेलू हवाई अड्डों पर 11 करोड़ से अधिक यात्राएं संभव हुई हैं।
सरकार की योजना वर्ष 2027 तक 25 अन्य घरेलू हवाई अड्डों पर भी इस सुविधा का विस्तार करने की है।
ऐसे काम करेगी डिजियात्रा
इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए यात्रियों को डिजियात्रा एप पर अपना डिजिटल वेरिफाएबल क्रेडेंशियल तैयार करना होगा। इसके लिए ई-पासपोर्ट का स्कैन, पासपोर्ट की इलेक्ट्रानिक चिप का सत्यापन और सेल्फी के जरिये चेहरे की पहचान की जाएगी।
सत्यापन पूरा होने के बाद डिजिटल क्रेडेंशियल यात्री के मोबाइल वालेट में सुरक्षित रहेगा। एयरपोर्ट पर टर्मिनल एंट्री, सिक्योरिटी होल्ड एरिया और बोर्डिंग गेट पर कैमरे के जरिये चेहरे की पहचान कर यात्री की डिजिटल पहचान सत्यापित की जा सकेगी।
इससे बार-बार पहचान संबंधी दस्तावेज दिखाने की जरूरत कम होगी और कतारों में लगने वाला समय बच सकता है।
यह भी पढ़ें- नमो भारत कॉरिडोर के पास बनेंगे रेजिडेंशियल अपार्टमेंट और ऑफिस, सराय काले खां से मेरठ तक NCRTC का बड़ा प्लान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।