विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-एनसीआर में ग्रेप-1 के प्रतिबंध लागू, खराब श्रेणी में पहुंची हवा की क्वालिटी

Published: Thu, 16 Apr 2026 07:55 PM (IST)

दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता खराब होने के कारण वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रेप) ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में वायु गुणवत्ता बिगड़ने के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने पूरे एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) का पहला चरण लागू कर दिया है। बृहस्पतिवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 226 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में है।

एक दिन पहले बुधवार को भी यह इसी श्रेणी में दर्ज किया गया था। समिति के अनुसार मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण प्रदूषण बढ़ा है और आने वाले दिनों में भी स्थिति ‘खराब’ से ‘मध्यम’ बनी रह सकती है। ऐसे में 31 बिंदुओं की कार्ययोजना के तहत सख्त कदम उठाए गए हैं।

निर्माण कार्यों में धूल नियंत्रण के नियमों का पालन अनिवार्य

आयोग ने निर्माण और तोड़फोड़ कार्यों में धूल नियंत्रण के नियमों का पालन अनिवार्य किया है और बिना पंजीकरण वाले बड़े निर्माण कार्यों पर रोक लगाई जाएगी। सड़कों की मशीन से सफाई और पानी का छिड़काव बढ़ाया जाएगा।

कूड़ा, मलबा और खतरनाक अपशिष्ट खुले में फेंकने और जलाने पर सख्त प्रतिबंध रहेगा। वाहनों के प्रदूषण मानकों की कड़ी जांच होगी, पुराने डीजल और पेट्रोल वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी और ज्यादा धुआं छोड़ने वाले वाहनों को जब्त किया जाएगा। ट्रैफिक को सुचारु रखने के लिए पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाएगी।

उद्योगों, ईंट भट्टों और बिजली संयंत्रों को स्वीकृत ईंधन ही उपयोग करना होगा और नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई होगी। डीजल जनरेटर के उपयोग को सीमित किया गया है और होटलों-रेस्तरां में कोयला व लकड़ी के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने, अधिक बसें चलाने और मेट्रो सेवाओं की आवृत्ति बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

नागरिकों से की गई ये अपील

साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा और मोबाइल अनुप्रयोगों के माध्यम से शिकायत दर्ज करने की सुविधा भी दी गई है। नागरिकों से अपील की गई है कि वाहन का रखरखाव सही रखें, बेवजह इंजन चालू न रखें, कचरा खुले में न फेंकें और पेड़ लगाने जैसे उपाय अपनाएं। समिति ने स्पष्ट किया है कि सभी एजेंसियां कड़ी निगरानी रखेंगी और स्थिति के अनुसार आगे के कदम उठाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- दिल्लीवाले हो जाएं तैयार! अगले 72 घंटों में सूरज दिखाएगा कड़े तेवर, पारा होगा 42 डिग्री के पार

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में गर्मी का 'वार्म-अप' शुरू, तापमान 36 डिग्री के पार; वीकेंड तक और चढ़ेगा पारा