ओडिशा से मादक पदार्थ लाकर दिल्ली-NCR में सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन महिला तस्कर गिरफ्तार
दक्षिणी पूर्वी दिल्ली की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय तीन महिला नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें दारो देवी, आरती और सुधा शामिल हैं।
-1775870597290_m.webp)
ड्रग तस्करी के जुर्म में तीन महिलाएं गिरफ्तार। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
दिल्ली-एनसीआर में तीन महिला नशा तस्कर गिरफ्तार।
23 किलो गांजा, सोना, स्मैक और नकदी जब्त की गई।
ओडिशा से दिल्ली तक फैला था नशा तस्करी का नेटवर्क।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर में नशा तस्करी करने वाले गिरोह से जुडी तीन महिला तस्करों को दक्षिणी पूर्वी जिले की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने गिरफ्तार किया है।
आरोपितों में बिहार के सुपौल जिले के गिदराही गांव निवासिनी दारो देवी, लाजपत नगर के मद्रासी कैंप निवासिनी आरती व जल विहार निवासिनी सुधा शामिल हैं। इनके पास से 23 किलो गांजा, 252.15 ग्राम सोना, 28 ग्राम स्मैक और 2,90,230 रुपये नकद बरामद हुए।
दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस के मुताबिक पांच अप्रैल को एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड को सराय काले खां इलाके में एक महिला नशा तस्कर की गतिविधियों को लेकर सूचना मिली। टीम ने इसके आधार पर 22.02 किलो गांजे के साथ एक महिला पकड़ा।
उसकी पहचान दारो देवी के रूप में हुई। उसकी निशानदेही पर टीम ने आरती को गिरफ्तार किया। उसके पास से 244 ग्राम सोने के आभूषण व 2,90,230 रुपये नकद -व 1.264 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
इसी क्रम में टीम ने जल विहार निवासी सुधा को 28 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। थाना लाजपत नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61, 85 के तहत एफआइर दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
ओडिशा से गांजा लाकर दिल्ली में सप्लाई
आरोपित दारो देवी फिलहाल नोएडा में रह रही थी और वह अनपढ़ है। वह ओडिशा से गांजा लाकर उसे दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी जिले में आगे सप्लाई करती थी। आरती अलग-अलग इलाकों में गांजा सप्लाई करने में दारो देवी की मदद करती थी।
उसके कब्जे से बरामद ज्वेलरी और नकदी गांजे की कमाई से ली थी। टीम सुधा से पूछताछ करने और इस नेटवर्क में शामिल अन्य सदस्यों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें- रियासी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 31 ग्राम गांजा और 5300 रुपये नकद के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- स्कार्पियो से 9 KG गांजा ले आ रहे चार तस्कर गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
