दिल्ली में यमुना के 52 किमी हिस्से के पुनरुद्धार पर होगा मंथन, DDA आयोजित करेगा 'यमुना संवाद'
यमुना के कायाकल्प के लिए डीडीए बांसेरा में 'यमुना संवाद' आयोजित कर रहा है, जिसका उद्घाटन एलजी तरनजीत सिंह संधू करेंगे।

यमुना संवाद से पहले डीडीए ने रखे आंकड़े।
HighLights
डीडीए द्वारा बांसेरा में 'यमुना संवाद' का आयोजन।
एलजी तरनजीत सिंह संधू करेंगे संवाद का उद्घाटन।
यमुना पुनरुद्धार पर विशेषज्ञों के सुझाव 'दिल्ली यमुना रिपोर्ट' में।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। यमुना के कायाकल्प की योजनाओं को अब ठोस कार्ययोजना और जवाबदेही के ढांचे में ढालने की तैयारी है। इसके लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) शुक्रवार को बांसेरा में 'यमुना संवाद' आयोजित करेगा।
एलजी तरनजीत सिंह संधू इस एक दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों, सरकारी एजेंसियों, वैज्ञानिक संस्थानों, शहरी योजनाकारों और सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों के बीच यमुना के पुनरुद्धार पर मंथन होगा।
चर्चा का केंद्र दिल्ली में यमुना का 52 किमी लंबा शहरी हिस्सा और उसका बाढ़ क्षेत्र रहेगा। संवाद के छह सत्रों से निकलने वाली सिफारिशों को प्रस्तावित 'दिल्ली यमुना रिपोर्ट' में शामिल किया जाएगा। इसमें प्राथमिकता वाले कार्यों, संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारियों, संभावित साझेदारियों और क्रियान्वयन की रूपरेखा तय करने का प्रयास होगा।
इस संवाद का उद्देश्य यमुना को केवल नदी के रूप में नहीं, बल्कि उससे जुड़े बाढ़ क्षेत्र, आर्द्रभूमियों और प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र के साथ विकसित करने की रणनीति तैयार करना है। डीडीए के अनुसार, इसके लिए छह विषयों पर अलग-अलग सत्र होंगे।
नई तकनीक और अनुसंधान शामिल
इनमें नदी प्रबंधन की व्यवस्था, बाढ़ क्षेत्र की योजना और पारिस्थितिकीय उपाय, जल गुणवत्ता एवं जल निकासी, घाटों का विकास और नदी से लोगों का जुड़ाव, सतत वित्तपोषण तथा नई तकनीक और अनुसंधान शामिल हैं।
डीडीए के मुताबिक, यमुना के बाढ़ क्षेत्रों में 1700 हेक्टेयर से अधिक जमीन पर सक्रिय पुनर्स्थापन कार्य किया जा रहा है। अब तक 35 आर्द्रभूमियों को पुनर्जीवित करने और सात लाख से अधिक देशज वृक्ष लगाने का दावा किया गया है।
इसके अलावा, करीब 88 हजार मीट्रिक टन निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट हटाया गया है। डीडीए के अनुसार, असिता में पक्षियों की दर्ज प्रजातियों की संख्या 63 से बढ़कर करीब 200 हो गई है।
यह भी पढ़ें- यमुना में सीवर ही नहीं दवाओं से लेकर कीटनाशकों तक का जहर, 8 स्थानों की जांच में मिले 321 खतरनाक कैमिकल कंपाउंड
यह भी पढ़ें- 'दिल्ली के 52 KM हिस्से में यमुना में कहीं नहीं था झाग', AAP के आरोपों पर प्रवेश वर्मा का पलटवार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।