यमुना में सीवर ही नहीं दवाओं से लेकर कीटनाशकों तक का जहर, 8 स्थानों की जांच में मिले 321 खतरनाक कैमिकल कंपाउंड
दिल्ली विश्वविद्यालय के शोध में यमुना नदी में सीवर और औद्योगिक कचरे के अलावा दवाओं, कीटनाशकों और औद्योगिक रसायनों का खतरनाक मिश्रण पाया गया है।
-1794926542321_m.webp)
यमुना नदी। फाइल फोटो
HighLights
यमुना में 321 रासायनिक यौगिकों और माइक्रोप्लास्टिक की पहचान हुई।
दवाओं, कीटनाशकों, औद्योगिक रसायनों का मिश्रण स्वास्थ्य के लिए खतरा।
बैराज के पास माइक्रोप्लास्टिक प्रदूषण सबसे अधिक पाया गया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में यमुना का प्रदूषण अब सिर्फ सीवर और औद्योगिक कचरे तक सीमित नहीं रह गया है। नदी के पानी में दवाओं के अवशेष, कीटनाशक और औद्योगिक रसायनों का ऐसा मिश्रण मिला है, जो मानव स्वास्थ्य और जलीय पारिस्थितिकी के लिए चिंता बढ़ाता है।
दिल्ली विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं के एक अध्ययन में यमुना के आठ अलग-अलग स्थानों से लिए गए नमूनों में 321 तरह के रासायनिक यौगिकों की पहचान हुई है। इनमें 36 ऐसे रसायन हैं, जिनकी संरचना कैंसर, प्रजनन संबंधी विषाक्तता और जलीय जीवों के लिए खतरों से जुड़ी श्रेणियों में आती है।
8 स्थानों से लिए गए नमूने
सितंबर 2026 में जर्नल आफ हैजार्डस मैटेरियल्स एडवांसेज में प्रकाशित इस अध्ययन में यमुना के दिल्ली वाले 48.8 किलोमीटर लंबे हिस्से की जांच की गई। इसमें पल्ला से असगरपुर जागीर तक आठ स्थानों से नमूने लिए गए।
शोधकर्ताओं को इन नमूनों से कुल 2,289 माइक्रोप्लास्टिक कण मिले। पानी में इनकी औसत मात्रा 3.18 कण प्रति लीटर दर्ज की गई।
अध्ययन की सबसे अहम बात यह है कि माइक्रोप्लास्टिक के साथ कई तरह के रासायनिक प्रदूषक भी मौजूद हैं। कुल 50 रासायनिक यौगिक ऐसे मिले, जो कम से कम चार स्थानों के माइक्रोप्लास्टिक नमूनों में पाए गए।
इनमें सात यौगिक सभी आठ स्थानों पर मौजूद थे। इनमें 2-नेफ्थाइलामाइन, लिडोकेन और मोनोब्यूटाइल फ्थेलेट शामिल हैं। इसके अलावा एटोमोक्सेटीन, डोम्पेरिडोन और टेल्मिसार्टन जैसी दवाओं के अवशेष और डाइयूरान व थायमेथोक्सम जैसे कृषि रसायन भी मिले।
बैराज के पास सबसे ज्यादा प्रदूषण
माइक्रोप्लास्टिक की मात्रा सभी स्थानों पर अलग-अलग पाई गई। बैराज के पास मनोरंजन और जल प्रबंधन वाले क्षेत्र में इसकी मात्रा सबसे अधिक थी। इसके बाद उस बाढ़ क्षेत्र का स्थान रहा, जहां कई नाले आकर मिलते हैं। वहीं, पल्ला के कृषि क्षेत्र और वन क्षेत्र में इसकी मात्रा सबसे कम दर्ज की गई।
अध्ययन के अनुसार, दिल्ली में यमुना में 22 सहायक नालों के जरिये आंशिक रूप से शोधित या बिना शोधित सीवेज, कृषि अपवाह और औद्योगिक अपशिष्ट पहुंचता है।
प्रदूषण को केवल प्लास्टिक तक सीमित न रखें
अध्ययन के सह-लेखक और दिल्ली विश्वविद्यालय के पर्यावरण अध्ययन विभाग के प्रमुख राधेश्याम शर्मा ने कहा कि यमुना में माइक्रोप्लास्टिक के साथ मौजूद जैविक और अजैविक रसायनों के संयुक्त प्रभाव को समझना जरूरी है।
उन्होंने नदी के किनारों पर प्राकृतिक वनस्पति बढ़ाने और नदी के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने की जरूरत बताई। उनके अनुसार, प्रकृति आधारित उपाय प्रदूषकों को नदी में पहुंचने से रोकने में मदद कर सकते हैं।
शोधकर्ताओं ने क्या कहा?
हालांकि, शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि खतरनाक श्रेणी के रसायनों की पहचान मात्र से यह साबित नहीं होता कि उनसे मानव स्वास्थ्य या पर्यावरण को वास्तविक नुकसान पहुंच रहा है। इसके लिए रसायनों की मात्रा का विस्तृत परीक्षण और उनके प्रभावों का आकलन जरूरी है।
अध्ययन ने यमुना की निगरानी में माइक्रोप्लास्टिक के साथ उससे जुड़े रासायनिक प्रदूषण की भी नियमित जांच की आवश्यकता बताई है।
यह भी पढ़ें- 5 नेचर कैफे, 30 हाईटेक शौचालय और सोलर प्लांट से संवरेगी लुटियंस दिल्ली; NDMC की बैठक में कई प्रस्तावों को मंजूरी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।