विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

5 नेचर कैफे, 30 हाईटेक शौचालय और सोलर प्लांट से संवरेगी लुटियंस दिल्ली; NDMC की बैठक में कई प्रस्तावों को मंजूरी

Published: Tue, 17 Nov 2026 07:09 PM (IST)

एनडीएमसी ने लुटियंस दिल्ली को स्वच्छ और आधुनिक राजधानी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी दी है। इनमें ...और पढ़ें

एनडीएमसी काउंसिल की बैठक। सौजन्यः एनडीएमसी

एनडीएमसी काउंसिल की बैठक। सौजन्यः एनडीएमसी 

HighLights

  1. पांच प्रकृति कैफे लोधी गार्डन, नेहरू पार्क, ब्रिक्स गार्डन में बनेंगे।

  2. तीस पुराने सार्वजनिक शौचालयों का पुनर्निर्माण कर स्मार्ट बनाया जाएगा।

  3. प्रमुख नालों की सफाई पर 106 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। लुटियंस दिल्ली इलाके को स्वच्छ, हरित और आधुनिक राजधानी बनाने के लिए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी दी है।

दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा की अध्यक्षता में हुई काउंसिल की बैठक में इससे संबंधित प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसके तहत लोधी गार्डन, नेहरू पार्क और ब्रिक्स गार्डन में पांच प्रकृति कैफे विकसित किए जाएंगे।

30 सार्वजनिक शौचालयों का तोड़कर होगा निर्माण

वहीं, पुराने और खराब स्थिति वाले 30 सार्वजनिक शौचालयों को तोड़कर नए सिरे से बनाया जाएगा। इनमें तीन पूरी तरह महिलाओं के लिए होंगे। इसके अलावा प्रमुख नालों की सफाई और गाद निकालने पर 106 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

बैठक के बाद जानकारी देते हुए एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि लोधी गार्डन में दो, नेहरू पार्क में दो और ब्रिक्स गार्डन में एक प्रकृति कैफे विकसित किया जाएगा।

इन्हें निर्माण, संचालन और हस्तांतरण व्यवस्था के तहत बनाया जाएगा। इससे पार्कों की प्राकृतिक सुंदरता प्रभावित नहीं होगी। कैफे में पर्यटकों और आम लोगों को खानपान की सुविधा मिलेगी।

छतों पर लगेंगे सौर ऊर्जा संयंत्र

परिषद की 244 इमारतों पर 6.914 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की संभावना है। इनमें 40 भवनों पर निजी एजेंसी के निवेश से और 204 भवनों पर परिषद के खर्च से संयंत्र लगाने की सिफारिश की गई है। निजी एजेंसी के निवेश वाली परियोजना को परिषद ने प्रशासनिक मंजूरी दे दी है।

इस पर करीब 54 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसकी अवधि 25 वर्ष होगी। इसके अलावा 124 अन्य सरकारी और गैर सरकारी भवनों पर भी 8.25 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की संभावना तलाशी गई है।

सेंसर से चलेंगे नल और फ्लश

क्षेत्र के 30 पुराने शौचालयों का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इनमें संवेदक आधारित नल और फ्लश, बिना हाथ लगाए खुलने वाले दरवाजे और स्वचालित प्रकाश व्यवस्था होगी।

खान मार्केट, जनपथ, मालचा मार्ग, मंडी हाउस, कनाट प्लेस और हनुमान मंदिर में भी आधुनिक शौचालय बनाए जाएंगे। इनके निर्माण और रखरखाव के लिए नई एजेंसी चुनने को निविदा जारी करने की मंजूरी दी गई है।

14 बड़े नालों की होगी सफाई

मानसून में जलभराव रोकने के लिए परिषद अपने क्षेत्र के 14 बड़े जल निकासी तंत्र की सफाई कराएगी। इनमें जमा गाद निकालने पर करीब 106 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे वर्षा के पानी की निकासी क्षमता बढ़ेगी।

इसके अलावा परिषद ने वर्ष 2026-27 में सुरक्षा सेवाओं पर करीब 40 करोड़ रुपये खर्च करने और बिजली विभाग के विभिन्न तकनीकी पदों के भर्ती नियमों को भी मंजूरी दी।

चहल ने बताया कि 23 नवंबर को होने वाली परिषद की बैठक में संपत्ति कर उपनियम, 2026 का प्रारूप मंजूरी के लिए रखा जाएगा।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR को जहरीली हवा से थोड़ी राहत, AQI सुधरने पर हटा GRAP-3; लेकिन GRAP-2 और 1 अभी भी लागू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।