विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'दिल्ली के 52 KM हिस्से में यमुना में कहीं नहीं था झाग', AAP के आरोपों पर प्रवेश वर्मा का पलटवार

Published: Tue, 17 Nov 2026 01:52 PM (IST)

दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने AAP के छठ पूजा आरोपों को निराधार बताया और यमुना में झाग की समस्या को दिल्ली सीमा से बाहर बताया।

छठ पूजा और यमुना के झाग पर सियासत तेज। छठ पूजा के दौरान कालिंदी कुंज की तस्वीर और प्रवेश वर्मा की फाइल फोटो

छठ पूजा और यमुना के झाग पर सियासत तेज। छठ पूजा के दौरान कालिंदी कुंज की तस्वीर और प्रवेश वर्मा की फाइल फोटो

HighLights

  1. प्रवेश वर्मा ने AAP के छठ पूजा आरोपों को निराधार बताया।

  2. यमुना में झाग दिल्ली सीमा से बाहर, यूपी क्षेत्र में था।

  3. केजरीवाल का सिविल लाइंस आवास अगले सप्ताह जनता के लिए खुलेगा।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। छठ पूजा के आयोजन को लेकर आम आदमी पार्टी की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने निराधार और राजनीतिक भावना से प्रेरित बताया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने छठ पर्व का बेहतर आयोजन किया है, जिसे आम आदमी पार्टी पचा नहीं पा रही है।

'ओखला के पास जहां दिखा झाग वो दिल्ली नहीं...'

यमुना में झाग को लेकर उन्होंने कहा कि दिल्ली की सीमा में यमुना के 52 किलोमीटर हिस्से में कहीं भी झाग नहीं था। ओखला के पास जिस स्थान पर झाग दिखाई देने की बात कही जा रही है, वह दिल्ली की सीमा में नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के क्षेत्र में आता है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार से बातचीत की गई है। वहां की सरकार तकनीकी विशेषज्ञों के माध्यम से समस्या के कारणों का अध्ययन करा रही है और झाग की समस्या दूर करने के लिए जरूरी उपायों पर विचार किया जा रहा है।

जनता के लिए खुलेगा पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का 'शीश महल'

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का सिविल लाइंस स्थित छह फ्लैग स्टाफ रोड का आवास अब आम जनता के लिए खोला जाएगा। अगले सप्ताह से लोग इस बंगले को देख सकेंगे। इसके लिए टिकट भी निर्धारित किया जाएगा।

हालांकि, टिकट की कीमत कितनी होगी, इस पर फैसला अगले सप्ताह तक होने की संभावना है। दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।

प्रवेश वर्मा ने बताया कि पूर्व में कैबिनेट ने इस आवास को स्टेट गेस्ट हाउस बनाने का फैसला लिया था, लेकिन जनता की भारी मांग को देखते हुए अब इसे लोगों के देखने के लिए खोलने का निर्णय लिया गया है।

महंगे पत्थर और आधुनिक व्यवस्थाएं लोगों को दिखाई जाएंगी

यहां आने वाले लोगों को बंगले में लगाए गए महंगे पत्थर, स्वचालित उपकरणों से संचालित होने वाली आधुनिक व्यवस्थाएं, महंगे पर्दे और अन्य सुविधाएं दिखाई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि जनता को यह भी बताया जाएगा कि किस तरह आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले बंगला और गाड़ी नहीं लेने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने महंगी गाड़ी ली, आलीशान आवास तैयार कराया गया।

इसके लिए कई सरकारी बंगलों को भी तोड़कर इसमें जोड़ा गया।उन्होंने कहा कि इन सभी पहलुओं से जनता को रूबरू कराया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।