विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में सस्ती हो सकती है यमुना क्रूज सवारी, सरकार ने दिए संकेत; अभी क्या है किराया?

Published: Mon, 02 Nov 2026 09:44 PM (IST)

दिल्ली में यमुना क्रूज की सवारी सस्ती हो सकती है। अभी के समय पर इसका किराया ₹550 है, लेकिन सरकार ने भविष्य में इसे कम करने के संकेत दिए हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. वर्तमान में यमुना क्रूज का किराया ₹550 है।

  2. दिल्ली सरकार भविष्य में किराया घटाने पर विचार कर रही है।

  3. यह परियोजना अभी परीक्षण स्तर पर है, समीक्षा होगी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में यमुना पर क्रूज की सवारी करने के लिए लोगों को फिलहाल 550 रुपये खर्च करने होंगे, लेकिन आने वाले समय में इसका किराया कम हो सकता है। दिल्ली सरकार ने इसके संकेत दिए हैं।

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा है कि अभी यह परियोजना परीक्षण के स्तर पर है। इसी को ध्यान में रखते हुए शुरुआती तौर पर टिकट की कीमत निर्धारित की गई है। लोगों की प्रतिक्रिया और सेवा शुरू होने के बाद किराये की समीक्षा की जाएगी। भविष्य में इसे कम करने पर भी विचार किया जा सकता है।

पर्यटन मंत्री ने दिया संकेत

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा आयोजित दीवाली मिलन में बातचीत के दौरान पर्यटन मंत्री ने कहा कि दिल्ली के लोगों और यहां आने वाले पर्यटकों को पहली बार यमुना में क्रूज की सवारी का रोमांच मिलेगा। सरकार चार नवंबर से इसकी शुरुआत करने की तैयारी कर रही है।

क्रूज और इससे जुड़ी व्यवस्थाएं लगभग तैयार हैं। शुरुआत में एक क्रूज का संचालन किया जाएगा। इसके लिए सोनिया विहार से जगतपुर तक यमुना में करीब छह किलोमीटर का मार्ग निर्धारित किया गया है।

यमुना पर क्रूज सवारी का क्या है किराया?

बता दें कि अभी क्रूज की सवारी के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये और परिसर में प्रवेश के लिए 50 रुपये शुल्क तय किया गया है। यानी एक व्यक्ति को कुल 550 रुपये खर्च करने होंगे। सरकार का कहना है कि ये शुरुआती दरें हैं और आगे इनमें बदलाव संभव है।

30 यात्रियों की होगी क्षमता

क्रूज में एक बार में अधिकतम 30 यात्री सवार हो सकेंगे। सोनिया विहार से जगतपुर स्थित शनि मंदिर तक जाने और वापस लौटने में करीब 35 से 45 मिनट लगेंगे। यात्रियों की सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। क्रूज में जैविक शौचालय की सुविधा भी होगी।

परिसर में मिलेंगी मनोरंजन की सुविधाएं

यमुना सफारी को केवल क्रूज तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इसके आसपास परिवारों के लिए पिकनिक स्थल विकसित करने की योजना है।

यहां रेस्टोरेंट, फूड कियोस्क, बच्चों के खेलने का क्षेत्र, म्यूजिकल फाउंटेन और वाटर स्पोर्ट्स जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। सरकार को उम्मीद है कि इससे दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली की सड़कों पर थमी रफ्तार, शाम ढलते ही रेंगने लगी गाड़ियां; प्रमुख मार्गों पर लगा भीषण जाम

यह भी पढ़ें- दिल्ली में ग्रीन पटाखे बेचने की अनुमति, पर मंजूरी के लिए सिर्फ 24 घंटे; कानूनी प्रक्रिया पर कारोबारियों में मायूसी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।