दिल्ली की सड़कों पर थमी रफ्तार, शाम ढलते ही रेंगने लगी गाड़ियां; प्रमुख मार्गों पर लगा भीषण जाम
दिल्ली की सड़कों पर त्योहारी सीजन शुरू होते ही वाहनों का दबाव बढ़ गया। सोमवार को कई इलाकों में भीषण ...और पढ़ें

दिल्ली की सड़कों पर लगा भीषण जाम। फोटो- दैनिक जागरण
HighLights
त्योहारी सीजन में दिल्ली की सड़कों पर बढ़ा वाहनों का दबाव।
शाम होते ही मध्य और दक्षिणी दिल्ली में लगा भीषण जाम।
यातायात पुलिस के सामने बढ़ी चुनौती, सोशल मीडिया पर शिकायतें।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। एक तरफ जहां दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ ही ग्रेप-2 लागू किया गया है, वहीं दूसरी तरफ त्योहारी सीजन शुरू होते ही दिल्ली की सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने भी लगा है। सोमवार को राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
सुबह से ही अलग-अलग इलाकों में वाहनों की आवाजाही का दबाव बना रहा, लेकिन शाम होते-होते स्थिति और बिगड़ गई। कार्यालयों से घर लौटने वाले लोगों और बाजारों की ओर जाने वाले खरीदारों की बढ़ती भीड़ के बीच कई मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए।
ट्रैफिक अधिकारियों से मदद की गुहार
जाम में फंसे वाहन चालकों का धैर्य भी जवाब देने लगा। लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर जाम की तस्वीरें और अपने रूट के मैप के स्क्रीनशाट साझा कर परेशानी बयां की। कई लोगों ने ट्रैफिक अधिकारियों को टैग कर जल्द जाम खुलवाने की गुहार भी लगाई।
यातायात जाम का सबसे अधिक असर मध्य दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और बाहरी दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर देखने को मिला।
शाम के समय आइटीओ, इंडिया गेट सर्कल, मथुरा रोड, लाजपत नगर, नेहरू प्लेस, ओखला और आश्रम के आसपास वाहनों का दबाव बढ़ गया। इन मार्गों पर कई स्थानों पर वाहन चालकों को काफी देर तक धीमी गति से चलना पड़ा। वहीं, हुमायूं के मकबरे की ओर जाने वाले रास्तों पर भी वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं।
दिल्ली के इन इलाकों में भीड़
दक्षिणी दिल्ली में भी यातायात की रफ्तार थमी रही। महरौली और कुतुब मीनार की तरफ जाने वाले मार्गों पर कई हिस्सों में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। ओखला फेज-एक और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से निकलने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आश्रम की ओर जाने वाले रास्तों पर दबाव के कारण कई वाहन चालक वैकल्पिक मार्ग तलाशते नजर आए। इसके अलावा धौला कुआं, दिल्ली कैंट, विकास मार्ग, एनएच-नौ और शाहदरा जीटी रोड पर भी जाम की स्थिति बनी रही। पूर्वी दिल्ली से मध्य दिल्ली और नई दिल्ली की ओर आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।
इंटरनेट मीडिया पर दिखा जाम का असर
सड़कों पर जाम की स्थिति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कई वाहन चालक इंटरनेट मीडिया पर लगातार अपडेट साझा करते रहे।
किसी ने जाम में फंसे वाहनों की तस्वीर पोस्ट की तो किसी ने मैप का स्क्रीनशाट साझा कर अपने गंतव्य तक पहुंचने में लग रहे अतिरिक्त समय की जानकारी दी। कुछ लोगों ने यातायात पुलिस से संबंधित मार्गों पर तत्काल यातायातकर्मियों की तैनाती और जाम खुलवाने की मांग की।
कार्यालय से घर लौटने वाले जाम में फंसे
त्योहारी खरीदारी, बाजारों में बढ़ती भीड़ और शाम के व्यस्त समय में कार्यालयों से घर लौटने वाले वाहनों का एक साथ सड़कों पर उतरना यातायात दबाव बढ़ने की प्रमुख वजहों में शामिल रहा।
ऐसे में आने वाले दिनों में त्योहारी खरीदारी की भीड़ बढ़ने के साथ यातायात पुलिस के सामने प्रमुख चौराहों और बाजारों के आसपास यातायात सुचारु बनाए रखने की चुनौती और बढ़ सकती है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में ग्रीन पटाखे बेचने की अनुमति, पर मंजूरी के लिए सिर्फ 24 घंटे; कानूनी प्रक्रिया पर कारोबारियों में मायूसी
यह भी पढ़ें- रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के अलावा सबकी एंट्री बैन, दिल्ली में प्लेटफॉर्म टिकट बंद; सिर्फ इन्हें मिली छूट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।