Delhi Monsoon: दिल्लीवालों को अभी करना होगा इंतजार, इस वजह से मानसून में हो रही देरी; IMD ने दिया ताजा अपडेट
दिल्ली में मानसून का इंतजार कर रहे लोगों को अभी कुछ दिन और रुकना होगा, क्योंकि यह सप्ताहांत तक पहुंचने की उम्मीद है और शुरुआती वर्षा हल्की होगी। अरावली पर्वत श्रृंखलाओं के कारण मानसूनी हवाओं के निचले स्तर पर चलने से देरी हो रही है। हालांकि, अगले दो-तीन दिनों में हल्की वर्षा के साथ मानसून की दस्तक हो सकती है। वर्तमान में उमस भरी गर्मी है, लेकिन शुक्रवार को हल्की वर्षा की संभावना है।
-1750956906822.webp)
IMD ने बताया दिल्ली में मानसून के आगमन में क्यों हो रही देरी।
संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। एक सप्ताह से हर रोज मानसून की वर्षा का इंतजार कर रहे दिल्लीवासियों को अभी दो तीन दिन और रूकना पड़ेगा। राजधानी में मानसून की दस्तक सप्ताहांत के आसपास होगी। शुरुआती दौर में वर्षा भी हल्की ही होने के आसार जताए जा रहे हैं। मौसम विज्ञानियों ने मानसून की देरी के लिए कई कारण गिनाए हैं, जिनमें एक प्रमुख यह भी है कि अबकी बार मानसूनी हवाएं निचले स्तर पर चल रही हैं, ऐसे में अरावली पर्वत श्रंखलाओं की ऊंचाई के चलते वो दिल्ली तक नहीं पहुंच पा रही हैं।
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी आर के जेनामणि ने बताया कि पिछले तीन से चार दिनों से शहर में बादल छाए हुए हैं। कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से बहुत हल्की वर्षा हुई भी है। इस अवधि में दिल्ली में लगातार दक्षिण-पूर्वी हवाएं भी चलीं, क्योंकि शहर के दक्षिण में मानसून ट्रफ और सतह के स्तर से करीब दो किमी ऊपर एक अभिसरण रेखा थी। बकौल जेनामणि, इसके चलते शहर में लगातार नमी का प्रवेश हुआ।
लिहाजा, हल्के से मध्यम स्तर के बादल छाए और बूंदाबांदी या बहुत हल्की वर्षा हुई। लेकिन चूंकि मध्य व ऊपरी स्तर की हवा और सर्कुलेशन पैटर्न दिल्ली पर एक एंटीसाइक्लोनिक सर्कुलेशन एवं रिज की वजह से हावी थे, इसलिए इसने मानसून को दिल्ली की ओर आगे बढ़ने से रोक दिया।
2021 में मानसून 13 जुलाई को दिल्ली पहुंचा
जेनामणि ने कहा कि दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के आसपास के इलाकों में भी यही पैटर्न देखा गया। हालांकि मानसून ट्रफ के उत्तर की ओर बढ़ने, क्षेत्र में मध्य व ऊपरी स्तर के एंटीसाइक्लोनिक सर्कुलेशन और रिज के कमजोर होने के साथ अगले तीन से चार दिनों में यह पैटर्न बदलने की संभावना है। इससे अगले दो तीन दिन में हल्की वर्षा के साथ दिल्ली में मानसून की दस्तक हो सकती है। मालूम हो कि आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून 27 जून के आसपास शहर में पहुंचता है। पिछले साल 28 जून, 2023 में 25 जून, 2022 में 30 जून और 2021 में मानसून 13 जुलाई को दिल्ली पहुंचा था।
बृहस्पतिवार को भी उमस भरी गर्मी ने किया हाल बेहाल
बादलों की लुकाछिपी और दिन भर निकली रही धूप के बीच बृहस्पतिवार को भी दिल्ली वासी उमस भरी गर्मी से बेहाल रहे। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक 38.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक 2986 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 85 से 54 प्रतिशत रहा।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने और बिजली चमकने के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 और 27 डिग्री रहने के आसार हैं। दूसरी तरफ दिल्ली की हवा फिलहाल साफ ही चल रही है।
दिल्ली का एक्यूआई 95 रहा
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक बृहस्पतिवार को दिल्ली का एक्यूआई 95 रहा। इसे संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पूर्व बुधवार को यह मध्यम श्रेणी में 132 था। यानी 24 घंटे के भीतर इसमें 37 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि मौजूदा मौसमी परिस्थितियों के बीच अभी इसके खराब श्रेणी में पहुंचने की कोई संभावना नहीं है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।