दिल्ली में गुरुवार रहा सीजन का सबसे गर्म दिन, 43 डिग्री पहुंचा तापमान; अगले दो दिन लू चलने का अलर्ट
दिल्ली में गुरुवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस और रिज में 43 डिग्री तक पहुंच गया।
HighLights
गुरुवार रहा सीजन का सबसे गर्म दिन
दिल्ली में रिज का तापमान 43 डिग्री
मौसम विभाग ने लू का अनुमान जताया
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में गुरुवार को सूरज ने तीखे तेवर दिखाए, जिससे दिल्ली वासी भीषण गर्मी से बेहाल नजर आए। आलम यह रहा कि गुरुवार इस साल और इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.0 डिग्री अधिक 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा
शहर के अलग-अलग इलाकों में भी तापमान में उछाल देखा गया। रिज इलाका 43.0 डिग्री सेल्सियस के साथ दिल्ली में सबसे गर्म रहा, जो सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा है। अन्य इलाकों की बात करें तो पालम में 41.6 डिग्री, लोधी रोड में 41.4 डिग्री और आयानगर में 41.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यह दर्शाता है कि पूरी दिल्ली इस वक्त भट्टी की तरह तप रही है।
-1776963097088.jpg)
दिन के साथ रातें भी होने लगी गर्म
दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे यह इस सीजन की अब तक की सबसे गर्म रात रही। न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है। इसी तरह पालम, लोधी रोड और आयानगर में भी रात का तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना रहा।
हालांकि, इतनी तपिश के बावजूद मौसम विभाग का कहना है कि तकनीकी रूप से अभी 'लू' की स्थिति नहीं बनी है। विभाग के मुताबिक, लू की घोषणा तब की जाती है जब कम से कम दो स्टेशनों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर हो और वह सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री अधिक रहे।
रविवार को मिल सकती है थोड़ी राहत
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में लू चलने का अनुमान जताया है। हालांकि रविवार को थोड़ी राहत मिल सकती है। उस दिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज- चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।