दिल्ली में IMD ने जारी किया तीन दिन का येलो अलर्ट, लू के बीच 44 डिग्री तक तापमान पहुंचने की संभावना
अब आईएमडी ने बुधवार से शुक्रवार तक तीन दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें 41-44 डिग्री सेल्सियस तापमान और लू की संभावना है।
-1776808558681_m.webp)
IMD ने अगले तीन दिनों के लिए जारी किया येलो अलर्ट। (फोटो सौजन्य- पीटीआई)
HighLights
मंगलवार को लू का अनुमान गलत, येलो अलर्ट वापस।
अब बुधवार से शुक्रवार तक तीन दिन का येलो अलर्ट।
अधिकतम तापमान 41-44 डिग्री, तेज धूप और लू संभव।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को मौसम का मिजाज मौसम विभाग के पूर्वानुमान से विपरीत रहा। शायद इसीलिए बाद में येलो अलर्ट भी वापस ले लिया गया। तेज धूप में गर्मी तो रही, लेकिन लू कहीं नहीं चली। तापमान भी केवल एक रिज क्षेत्र को छोड़कर 40 डिग्री से नीचे ही रहा।
अब मौसम विभाग ने बुधवार से शुक्रवार तक तीन दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
निकलेगी तेज धूप
तीनों दिन आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकली रहेगी। कहीं कहीं लू भी चलेगी। इससे गर्मी और अधिक तीव्र होगी। सप्ताहांत में भी गर्मी कम होने के संकेत नहीं हैं, हालांकि आंशिक बादल छाने की संभावना है।

गर्मी में जानवर भी परेशान। (फोटो सौजन्य- पीटीआई)
मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक 38.8 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री कम 20.5 डिग्री दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर 63 से 22 प्रतिशत रहा। रिज क्षेत्र दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
उधर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का एक्यूआइ 177 दर्ज किया गया। इसे ''मध्यम'' श्रेणी में रखा जाता है। इससे पहले यह तीन अप्रैल को 266 रहा था। अगले कुछ दिनों के दौरान इसमें बदलाव की अधिक संभावना नहीं लग रही।
मंगलवार को दिल्ली के प्रमुख स्थानों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
| स्थान | अधिकतम | न्यूनतम |
|---|---|---|
| सफदरजंग | 38.8 | 20.5 |
| पालम | 38.6 | 22.2 |
| लोधी रोड | 39.0 | 18.8 |
| रिज | 40.2 | 22.3 |
| आयानगर | 39.8 | 21.2 |
| राजघाट | 37.1 | 24.9 |
| पूसा | 37.7 | 20.9 |
| नजफगढ़ | 37.3 | 23.8 |
| मुंगेशपुर | 39.1 | 22.4 |
| मयूर विहार | 36.7 | 22.0 |
यह भी पढ़ें- Weather Update : जमशेदपुर में 42 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, डिहाइड्रेशन से बचने के लिए एडवाइजरी जारी
यह भी पढ़ें- Weather Alert: बांदा ने फिर तोड़ा गर्मी का रिकार्ड, 44.2°C के तापमान के साथ देशभर में सबसे गर्म
