दिल्ली में SIR की तैयारियां तेज: घर-घर जाकर होगी मतदाता सूची की जांच, लोगों से सही जानकारी देने की अपील
दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसकी शुरुआत जल्द हो सकती है। ...और पढ़ें

दिल्ली में SIR की तैयारियां तेज। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
दिल्ली में एसआइआर की तैयारियां शुरू, जल्द घोषणा संभव।
सरकारी टीमें घर-घर जाकर करेंगी मतदाता सत्यापन।
मृत/स्थानांतरित नाम हटेंगे, नए पात्र मतदाता जुड़ेंगे।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में एसआइआर की शुरुआत कब से होगी, इसकी तिथि भले अभी घोषित नहीं हुई हो, लेकिन मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय और दिल्ली सरकार ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। तिथि की घोषणा के साथ ही आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सीईओ कार्यालय की वेबसाइट पर भी दिल्ली के नागरिकों से 2002 की सूची में अपना नाम जांचने का नोटिस डाल दिया गया है।
आगामी चुनावों के मद्देनजर दिल्ली प्रशासन ने भी मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक और अपडेट बनाने के लिए कमर कस ली है। सरकार ने बड़े पैमाने पर सत्यापन अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है, जिसमें सरकारी कर्मचारी घर-घर जाकर मतदाताओं के विवरण की जांच करेंगे। विधानसभा क्षेत्रों की मैपिंग भी शुरू कर दी गई है।
घर-घर जाएंगी सरकारी टीमें
जानकारी के मुताबिक सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें दिल्ली के विभिन्न इलाकों में घर-घर जाकर मौजूदा मतदाता सूची में दर्ज नामों, पतों और अन्य विवरणों का मिलान करेंगी। इस कवायद का मुख्य उद्देश्य सूची से उन मतदाताओं के नाम हटाना है, जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जो दूसरी जगह स्थानांतरित हो गए हैं। साथ ही नए पात्र मतदाताओं (विशेषकर युवाओं) के नाम जोड़ना है।
यदि किसी मतदाता के विवरण में कोई वर्तनी की गलती या गलत जानकारी है, तो उसे मौके पर या निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से सुधारा जाएगा। सूत्रों के अनुसार, इस अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए जिला स्तर पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक वोट डालने के अपने अधिकार से वंचित न रहे और चुनावी डेटा पूरी तरह पारदर्शी हो।
सही जानकारी देने की अपील
दिल्ली वासियों से भी अनुरोध किया गया है कि जब सत्यापन दल उनके घर आए, तो वे सही जानकारी प्रदान कर सहयोग करें, अपना मतदाता पहचान पत्र तैयार रखें। अधिकारियों के मुताबिक अक्सर देखा गया है कि पुरानी मतदाता सूचियों में विसंगतियों के कारण मतदान के दिन कई लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसीलिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की यह कवायद लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने और फर्जीवाड़े को रोकने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
