विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में नया कानून: सरकारी काम समय से होंगे पूरे, देरी हुई तो अफसर की जेब से कटेंगे 5000 रुपये

Published: Mon, 09 Nov 2026 04:46 PM (IST)

दिल्ली में अब सरकारी दफ्तरों के काम समय पर होंगे, क्योंकि 'दिल्ली सेवा वितरण अधिकार अधिनियम, 2026' लागू हो गया है।

समय पर नहीं मिला काम तो अफसर की जेब से कटेगा जुर्माना। (फाइल फोटो)

समय पर नहीं मिला काम तो अफसर की जेब से कटेगा जुर्माना। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. सरकारी काम में देरी पर अधिकारी को भरना होगा जुर्माना।

  2. हर सरकारी सेवा के लिए तय होगी समय-सीमा और जिम्मेदार अधिकारी।

  3. ऑनलाइन सिस्टम से आवेदन की स्थिति ट्रैक करना होगा आसान।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने का दौर खत्म होने वाला है। फाइल अटकी, तो बहाना नहीं चलेगा। सरकार ने ऐसा कानून लागू किया है, जिसमें काम लटकाने वाले अधिकारी को अपनी जेब से जुर्माना भरना पड़ेगा।

जी हां, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार ने 'दिल्ली सेवा वितरण अधिकार अधिनियम, 2026' (Right to Service Act) को अधिसूचित कर दिया है। यह कानून 2011 के पुराने नियम की जगह लेगा। नए कानून का मतलब है कि आपका काम अब तय समय में होगा, वरना जिम्मेदार अफसर को रोज 250 रुपये के हिसाब से अधिकतम 5,000 रुपये तक का जुर्माना देना होगा।

हर सेवा की होगी डेडलाइन, हर फाइल का होगा मालिक

अब कोई भी सेवा बिना समय-सीमा के नहीं रहेगी। सरकार पहले यह तय करेगी कि कौन-कौन सी सेवाएं इस कानून में आएंगी। इसके बाद, हर सेवा के लिए अधिकतम समय तय किया जाएगा।

साथ ही, एक नामित अधिकारी का नाम भी तय होगा, जो उस काम के लिए जिम्मेदार होगा। विभाग हो, नगर निगम हो या कोई और सरकारी संस्था, इस दायरे में सब आएंगे।

मोबाइल पर दिखेगा आपका काम कहां अटका है

इस कानून की सबसे बड़ी ताकत ऑनलाइन सिस्टम है। अब हर आवेदन पर एक खास नंबर मिलेगा। इस नंबर से आप घर बैठे अपने मोबाइल पर देख सकेंगे कि आपका आवेदन कहां पहुंचा, किसके पास अटका है और कब तक पूरा होगा।

विभागों को हर आवेदन का डिजिटल रिकॉर्ड रखना होगा और उसे समय-समय पर अपडेट भी करना होगा। अगर आवेदन खारिज करना है, तो अधिकारी को लिखित में वजह बतानी होगी।

अफसर सोया, तो फाइल अपने आप पहुंचेगी ऊपर

कई बार ऐसा होता है कि अफसर फाइल दबाकर बैठ जाता है और आम आदमी को पता ही नहीं चलता कि शिकायत कहां करें। इस तरह की समस्याएं भी अब खत्म कर दी गई हैं।

अगर तय समय में काम नहीं हुआ, तो आपका आवेदन अपने आप ही अपील बन जाएगा। आपको अलग से शिकायत नहीं करनी पड़ेगी। फिर मामला सीधे नागरिक शिकायत निवारण प्राधिकरण के पास पहुंच जाएगा। हर विभाग में इसके लिए एक अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।

30 दिन में फैसला, नहीं तो आयोग करेगा सुनवाई

अपील का निपटारा सामान्य तौर पर 30 दिन के अंदर करना होगा। अगर प्राधिकरण भी समय पर फैसला नहीं करता, तो मामला अपने आप दिल्ली सेवा अधिकार आयोग के पास पहुंच जाएगा।

इसके बाद आयोग अपील सुनने के साथ-साथ पूरे कानून पर नजर भी रखेगा। उसे दफ्तरों का निरीक्षण करने, कार्रवाई की सिफारिश करने और व्यवस्था में सुधार सुझाने का अधिकार होगा। जरूरत पड़ने पर वह खुद भी किसी मामले का संज्ञान लेकर जांच कर सकेगा।

सरकार का दावा है कि इस कानून से दिल्ली में काम कराने का तरीका पूरी तरह बदल जाएगा। अब जनता को अफसर के पीछे नहीं भागना होगा, बल्कि अफसर को समय पर काम करना होगा।

यह भी पढ़ें- दीवाली के बाद दिल्ली में प्रदूषण का कहर, AQI ने तोड़ा पांच साल का रिकॉर्ड; धुएं की चादर में लिपटी राजधानी

यह भी पढ़ें- स्मॉग की चादर में लिपटी दिल्ली पर राजनीति तेज, BJP बोली- 'रची गई साजिश'; AAP-कांग्रेस ने AQI आंकड़ों पर उठाए सवाल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।