स्मॉग की चादर में लिपटी दिल्ली पर राजनीति तेज, BJP बोली- 'रची गई साजिश'; AAP-कांग्रेस ने AQI आंकड़ों पर उठाए सवाल
कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया है कि दीवाली पर पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में अचानक दस गुना वृद्धि हुई, जिसे उन्होंने साजिश बताया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया है कि दीवाली के दिन पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में अचानक दस गुना से अधिक वृद्धि हुई। उन्होंने आशंका जताई कि किसानों के खेतों में जानबूझकर आग लगाई गई।
उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कराकर जांच कराने और दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
पंजाब में पराली जलाने की कितनी घटनाएं?
रविवार को सिविल लाइंस स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में कपिल मिश्रा ने बताया कि पांच, छह और सात नवंबर को पंजाब में पराली जलाने की 100 से 125 घटनाएं दर्ज की गई थीं, लेकिन आठ नवंबर की शाम अचानक यह संख्या बढ़कर करीब 1200 हो गई।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के उपग्रह आंकड़ों में सामने आए इस अंतर ने कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। आखिर दीवाली की शाम अचानक इतनी बड़ी संख्या में खेतों में आग कैसे लग गई?
मंत्री ने कहा कि दीवाली के दिन पंजाब के किसानों की ओर से फोन कर शिकायत की गई कि जब वे अपने परिवार के साथ त्योहार मना रहे थे, उस दौरान उनके खेतों में आग लगाई जा रही थी। लगातार ऐसी शिकायतें मिलने के बाद उपग्रह आंकड़ों की जानकारी जुटाई गई। उन्होंने कहा कि किसान पराली जलाने से बचने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसे में अचानक घटनाओं में इतनी वृद्धि की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पंजाब के प्रदूषण स्तर का जिक्र
कपिल मिश्रा ने पंजाब के प्रदूषण स्तर का जिक्र करते हुए दावा किया कि नौ नवंबर की सुबह मलोट में वायु गुणवत्ता सूचकांक 1238, अबोहर में 1307 और संगरूर में 1651 दर्ज किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि पंजाब के किसानों और आम लोगों को प्रदूषण से राहत दिलाने की जिम्मेदारी किसकी है और खेतों में आग लगाने वालों की पहचान क्यों नहीं की जा रही है।
उन्होंने भगवंत मान से आठ नवंबर की रात जिन इलाकों में खेतों में आग लगने की घटनाएं हुईं, वहां तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की। साथ ही संबंधित क्षेत्रों के आम आदमी पार्टी के विधायकों, नेताओं और पंजाब में मौजूद दिल्ली से गए पार्टी नेताओं के फोन रिकॉर्ड की जांच कराने की भी मांग की।
दिल्ली में दीवाली के बाद प्रदूषण में कमी का दावा
कपिल मिश्रा ने दिल्ली में दीवाली के आसपास प्रदूषण के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2023 में दीवाली के बाद प्रदूषण में 43.33 प्रतिशत और 2024 में करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी, जबकि इस वर्ष दीवाली से पहले और बाद के आंकड़ों में 1.33 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि इसका अर्थ यह नहीं है कि प्रदूषण की समस्या समाप्त हो गई है, लेकिन सरकार और जनता के साझा प्रयासों से सुधार के संकेत मिले हैं।
उन्होंने आम आदमी पार्टी पर दीवाली, पटाखों और सनातन परंपराओं के खिलाफ माहौल बनाने का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि किसानों और दीवाली को एक-दूसरे के विरोध में खड़ा करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। पंजाब के किसानों को राजनीतिक अभियान के नाम पर बदनाम करने के बजाय उनके हितों की रक्षा की जानी चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।