दीवाली बीतते ही यमुनापार में सफाई व्यवस्था ध्वस्त, शकरपुर से पटपड़गंज तक लगा कचरे का अंबार
दीपावली के बाद पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है, जिससे सड़कों पर कूड़े के ढेर ...और पढ़ें

यमुनापार की सड़कों पर कूड़े का कब्जा। जागरण
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। दीपावली की खुशियां खत्म होते ही इलाके की सफाई व्यवस्था की बदहाली सड़कों पर नजर आने लगी है। यमुनापार के प्रमुख मार्गों से लेकर रिहायशी कालोनियों तक जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं।
कई स्थानों पर कचरा सड़क तक फैल गया है, जिससे पैदल राहगीरों से लेकर वाहन चालकों तक को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। समय पर कूड़ा नहीं उठाए जाने से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय निवासियों का सवाल है कि त्योहारों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के दावे किए जाते हैं, लेकिन दीपावली के अगले ही दिन सड़कों पर कूड़े का अंबार कैसे लग जाता है।
दिल्ली के इन इलाकों में सड़क किनारे कचरा जमा
शकरपुर स्कूल ब्लॉक, सीमापुरी, रानी गार्डन, पटपड़गंज मार्ग, वजीराबाद रोड और लोनी रोड समेत कई प्रमुख स्थानों पर सड़क किनारे कचरा जमा है। कमोबेश यही स्थिति रिहायशी कालोनियों और विभिन्न ब्लाकों की भी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दीपावली के दिन से ही कई इलाकों में सफाई व्यवस्था प्रभावित है।
घरों और बाजारों से निकला कचरा नियमित रूप से नहीं उठाया गया, जिससे जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। बाजारों में दुकानों के आसपास कचरा जमा होने से दुकानदारों और ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है। कई जगह कूड़ा सड़क तक फैलने से रास्ते संकरे हो गए हैं।
कचरे से उठती दुर्गंध से लोग परेशान
सड़कों को घेरे खुले में पड़े कचरे से उठती दुर्गंध ने आसपास रहने वाले लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। वहीं, इन मार्गों से गुजरने वाले वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भी गंदगी के बीच से निकलना पड़ रहा है। लोगों को आशंका है कि लंबे समय तक कूड़ा जमा रहने से मच्छर पनपने और संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ सकता है।
निवासियों का कहना है कि त्योहार के बाद सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी जानी चाहिए थी, लेकिन नियमित कूड़ा उठान नहीं होने से स्थिति बिगड़ती जा रही है। लोगों ने नगर निगम से तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाने, जमा कूड़े का उठान कराने और सफाई कर्मचारियों की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की है।
सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान
मामले में निगम के पूर्वी जोन के चेयरमैन यशपाल कैंतुरा का कहना है कि त्योहार के दिन से ही सार्वजनिक स्थानों पर सफाई कराई जा रही है। सभी जगहों पर सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
वहीं, उत्तर-पूर्वी जोन के चेयरमैन पंकज लूथरा का कहना है कि त्योहारों के दौरान विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। यदि कहीं कोई समस्या है तो उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें- दिल्ली एयरपोर्ट पर हल्के कोहरे का साया, विजिबिलिटी 800 मीटर; उड़ान परिचालन पर गंभीर असर नहीं
यह भी पढ़ें- लाल किला ब्लास्ट: घटनास्थल पर फिर सजा अतिक्रमण, सुरक्षा जांच से महरूम दिल्ली की 700 पार्किंग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।