विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली पुलिस की महिला सिपाही से 24 लाख की ठगी, मुनाफे के लालच में लिया 12 लाख का पर्सनल लोन

Published: Sat, 24 Oct 2026 04:19 PM (IST)

दिल्ली पुलिस की एक महिला सिपाही निवेश पर भारी मुनाफे के लालच में 24 लाख रुपये की ठगी का शिकार ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस की एक महिला सिपाही ने न केवल अपनी बचत गंवा दी, बल्कि 12 लाख रुपये का पर्सनल लोन लेकर भी साइबर ठग को दे दिए।

दिल्ली पुलिस की एक महिला सिपाही ने न केवल अपनी बचत गंवा दी, बल्कि 12 लाख रुपये का पर्सनल लोन लेकर भी साइबर ठग को दे दिए।

HighLights

  1. महिला सिपाही को निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच दिया गया।

  2. अपनी बचत और 12 लाख का पर्सनल लोन गंवाया सिपाही ने।

  3. साइबर पुलिस ने आरोपी विक्रांत कुमार को गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। निवेश पर मोटे मुनाफे के लालच में दिल्ली पुलिस की एक महिला सिपाही ने न केवल अपनी बचत गंवा दी, बल्कि 12 लाख रुपये का पर्सनल लोन लेकर भी आरोपित को दे दिए।

जान-पहचान वालों से उधार लेकर भी रकम जुटाई, लेकिन मुनाफा मिलने के बजाय करीब 24 लाख रुपये की ठगी का शिकार हो गईं। पीड़िता की शिकायत पर मध्य जिले की साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में बागपत के विक्रांत कुमार उर्फ विक्की तोमर को गिरफ्तार किया है।

भारी मुनाफा कमाने का दिखाया ख्वाब

मध्य जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपित ने महिला सिपाही शिवानी से इंस्टाग्राम पर संपर्क किया था। उसने खुद को दिल्ली पुलिस में स्पोर्ट्स कोटे के तहत भर्ती होने का इच्छुक बताकर उनसे मार्गदर्शन मांगा।

इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे वाट्सएप तक पहुंच गई। आरोप है कि विक्रांत ने महिला सिपाही का भरोसा जीतने के लिए खुद को क्रिकेट जगत की एक जानी-मानी हस्ती के रूप में पेश किया और निवेश के जरिये भारी मुनाफा कमाने का झांसा दिया।

बचत खत्म हुई तो लोन लेकर जुटाए रुपये

आरोपित की बातों में आकर सिपाही ने अपने एक्सिस बैंक खाते में जमा बचत की रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद निवेश के नाम पर और पैसे की मांग होने पर उन्होंने 12 लाख रुपये का पर्सनल बैंक लोन लिया।

इतना ही नहीं, उन्होंने अपने परिचितों से भी रुपये उधार लेकर आरोपित को दिए। इस तरह उनके साथ करीब 24 लाख रुपये की ठगी हुई।

जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से करीब आठ लाख रुपये ऐसे बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए, जो '1एक्स.काॅम' बेटिंग प्लेटफाॅर्म से जुड़े थे। पुलिस अब रकम के लेनदेन और अन्य संभावित पीड़ितों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

मुलाकात के दौरान अभद्रता का भी आरोप

शिकायत के मुताबिक, एक आमने-सामने की मुलाकात के दौरान आरोपित ने महिला सिपाही की कमर को गलत तरीके से छुआ और उनके साथ मारपीट भी की। पुलिस ने इस मामले में आठ सितंबर को एफआइआर दर्ज की थी। पुलिस आराेपित से पूछताछ कर अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान करने और मामले की आगे की जांच में जुटी है।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद से आने वाले कई वाहनों को 1 नवंबर से दिल्ली में नहीं मिलेगी एंट्री, घर से निकलने से पहले जानें नए नियम

यह भी पढ़ें- दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 18-19 मेट्रो स्टेशन पर बम की अफवाह से मचा हड़कंप, जांच में निकली फर्जी कॉल