विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिता की डांट से नाराज होकर भिंड में सबकुछ छोड़ दिल्ली आ गईं दो बहनें, दो महीने बाद पुलिस ने परिवार से मिलाया

Published: Wed, 25 Nov 2026 04:01 PM (IST)

मध्य प्रदेश के भिंड से दिल्ली आकर भटक रही दो बहनों को दिल्ली पुलिस ने दो महीने की काउंसलिंग के बाद उनके परिवार से मिला दिया। आर्थिक तंगी और पिता की डांट से परेशान होकर वे घर छोड़कर दिल्ली काम की तलाश में आई थीं।

दिल्ली पुलिस ने दो माह तक काउंसलिंग के बाद दोनों बेटियों को उनके पिता के पास पहुंचाया। प्रतीकात्मक तस्वीर

दिल्ली पुलिस ने दो माह तक काउंसलिंग के बाद दोनों बेटियों को उनके पिता के पास पहुंचाया। प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. भिंड की दो बहनें दिल्ली में भटकती मिलीं।

  2. आर्थिक तंगी, पिता की डांट से घर छोड़ा था।

  3. दिल्ली पुलिस ने दो महीने बाद परिवार से मिलाया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के भिंड से बिना बताये देश की राजधानी दिल्ली में आकर भटक रहीं दो बेटियों को पुलिस ने परिवार से मिलाकर बड़ी अनहोनी को टाल दिया। दोनों घर की आर्थिक स्थिति खराब देखकर और पिता की डांट से क्षुब्ध होकर घर छोड़कर चली आई थीं।

क्यों लिया घर छोड़ने का फैसला?

घर में आर्थिक तंगी थी। पिता परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए परेशान रहते थे। इसी तनाव में कभी बेटियों को डांट पड़ती तो कभी थप्पड़ भी खाने पड़ते थे। घर के इस माहौल से परेशान होकर 10 और 17 वर्षीय दो बहनों ने एक ऐसा फैसला कर लिया, जिसने पूरे परिवार को चिंता में डाल दिया।

परिवार करता रहा हर पल तलाश

दोनों बिना बताए मध्य प्रदेश के भिंड स्थित अपना घर छोड़कर दिल्ली आ गईं। उन्हें उम्मीद थी कि राजधानी में कोई काम मिल जाएगा और वे पैसे कमाकर अपना खर्च खुद उठा सकेंगी। लेकिन यहां, न कोई परिचित था और न ही रहने का ठिकाना। उधर, बेटियों के लापता होने से पिता और परिवार के लोग परेशान होकर उनकी तलाश कर रहे थे।

पुलिस को परिवार के बारे में कुछ नहीं बताया 

इसी बीच 17 सितंबर को मध्य जिला पुलिस की गश्त के दौरान दोनों बहनें मिल गईं। एसआई किरण सेठी महिला कांस्टेबल रीना और सुनीता के साथ इलाके में गश्त कर रही थीं। उन्होंने ई-रिक्शा से उतरकर अकेले जा रही दोनों लड़कियों को देखा। उनकी उम्र कम थी और वे डरी-सहमी लग रही थीं। महिला पुलिसकर्मियों ने बातचीत की कोशिश की, लेकिन दोनों ने शुरुआत में अपनी पहचान और परिवार के बारे में कुछ नहीं बताया।

दो महीने तक पुलिस करती रही काउंसलिंग

पुलिस ने उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मेडिकल जांच कराई और उन्हें आश्रय गृह पहुंचा दिया। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने करीब दो महीने तक लगातार उनकी काउंसलिंग की। उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी मदद करना चाहती है। धीरे-धीरे दोनों का विश्वास जीता गया और उन्होंने अपने घर का पता बताया।

दिल्ली आकर तलाश रही थीं नौकरी

बातचीत में दोनों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। पिता आर्थिक तंगी के कारण अक्सर तनाव में रहते थे और इसी वजह से उन्हें डांटते-फटकारते थे। कभी-कभी मारपीट भी करते थे। इससे परेशान होकर दोनों ने दिल्ली आने और काम तलाशने का फैसला किया था।

पिता से संपर्क कर दिल्ली बुलाया

पुलिस ने मध्य प्रदेश में उनके पिता से संपर्क किया। पिता ने बताया कि परिवार दोनों बेटियों को लगातार तलाश रहा था, लेकिन उनका पता नहीं चल पा रहा था। 23 नवंबर को पिता को दिल्ली बुलाया गया। दोनों बहनों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सामने पेश करने और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद समिति के निर्देश पर पिता के सुपुर्द कर दिया गया।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के अरबपति ने अदाणी-अंबानी को फिर पछाड़ा, किया ₹2593 करोड़ का 'महादान'; बेटी के हाथों ₹364825 करोड़ का साम्राज्य

यह भी पढ़ें- करतारपुर कॉरिडोर कब खुलेगा? दिल्ली हाई कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई से किया इंकार, बताई बड़ी वजह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।