सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अदाणी-अंबानी को दिल्ली के अरबपति ने फिर पछाड़ा, किया ₹2593 करोड़ का 'महादान'; बेटी के हाथों ₹364825 करोड़ का साम्राज्य

Published: Sat, 21 Nov 2026 01:14 PM (IST)

शिव नादर और उनके परिवार ने वित्त वर्ष 2025-26 में 2,593 करोड़ रुपये दान कर लगातार पांचवें साल भारत के सबसे बड़े परोपकारी का खिताब जीता है। उन्होंने गौतम अदाणी और मुकेश अंबानी जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

शिव नादर परिवार लगातार पांचवें साल भारत का शीर्ष दानदाता।

शिव नादर परिवार लगातार पांचवें साल भारत का शीर्ष दानदाता।

HighLights

  1. शिव नादर परिवार लगातार पांचवें साल भारत का शीर्ष दानदाता।

  2. 2,593 करोड़ रुपये दान कर अदाणी-अंबानी को पीछे छोड़ा।

  3. शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा में सबसे अधिक दान दिया गया।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। भारत के दो सबसे बड़े अरबपति मुकेश अंबानी और गौतम अदाणी भले ही अपनी दौलत को लेकर चर्चा में रहते हैं, लेकिन जब भी बात आती है दान कि दिल्ली का अरबपति सबसे आगे रहता है। एक बार फिर से दिल्ली के अरबपति ने दान के मामले में मुकेश अंबानी और गौतम अदाणी को पीछे छोड़ दिया है। अब आपके मन में सवाल होगा कि आखिर ये अरबपति है कौन?

जवाब है कि HCL के फाउंडर शिव नादर। जी हां, इन्होंने समाज सेवा के मामले में एक बार फिर एचसीएल के संस्थापक शिव नाडर ने दोनों को पीछे छोड़ दिया है। शिव नाडर और उनके परिवार ने वित्त वर्ष 2025-26 में 2,593 करोड़ रुपये का दान दिया है। इसके साथ ही वह लगातार पांचवें साल भारत के सबसे बड़े परोपकारी परिवार बन गए हैं।

एडलगिव हुरुन इंडिया फिलैन्थ्रॉपी लिस्ट 2026 के मुताबिक, शिव नाडर परिवार ने हर दिन औसतन करीब 7.1 करोड़ रुपये दान किए। इस सूची में गौतम अदाणी और उनका परिवार दूसरे स्थान पर रहा, जबकि बजाज परिवार तीसरे नंबर पर है। रिपोर्ट से पता चलता है कि देश के बड़े कारोबारी अब शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के लिए भी बड़ी रकम खर्च कर रहे हैं।

अदाणी-अंबानी ने कितना किया दान?

हुरुन की रिपोर्ट के अनुसार, गौतम अदाणी और उनके परिवार ने वित्त वर्ष 2025-26 में 877 करोड़ रुपये का दान दिया। पिछले साल के मुकाबले उनके योगदान में 127 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद वह शिव नादर परिवार से काफी पीछे रहे।

वहीं, बजाज परिवार 632 करोड़ रुपये के दान के साथ तीसरे स्थान पर रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार ने 620 करोड़ रुपये का योगदान दिया और चौथा स्थान हासिल किया।

इस सूची में पांचवें स्थान पर नंदन नीलेकणि रहे, जिन्होंने 380 करोड़ रुपये दान किए। कुमार मंगलम बिड़ला और उनके परिवार ने 366 करोड़ रुपये, जबकि साइरस और अदार पूनावाला ने 336 करोड़ रुपये का योगदान दिया।

शिव नादर की बेटी संभाल रही हैं 3.64 लाख करोड़ की कंपनी

शिव नादर देश के जाने-माने उद्योगपतियों में से एक हैं। उन्होंने साल 1976 में एचसीएल की स्थापना की थी। एक छोटे से कारोबार के रूप में शुरू हुई कंपनी आज देश की प्रमुख आईटी कंपनियों में शामिल है।

शिव नादर की बेटी रोशनी नाडर मल्होत्रा अब उनके कारोबारी साम्राज्य की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। वह HCL Technologies की चेयरपर्सन हैं और देश की प्रमुख महिला उद्योगपतियों में गिनी जाती हैं।

HCL Technologies का मार्केट कैप करीब 3,64,825 करोड़ रुपये है। यानी शेयर बाजार में कंपनी का कुल मूल्य 3.64 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। यह कंपनी के बाजार मूल्य का आंकड़ा है, न कि रोशनी नाडर या शिव नाडर की व्यक्तिगत संपत्ति।

शिक्षा के लिए सबसे ज्यादा दान

एडलगिव हुरुन इंडिया फिलैंथ्रॉपी लिस्ट 2026 के मुताबिक, भारत के बड़े दानदाताओं की पहली पसंद शिक्षा का क्षेत्र बना हुआ है। वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 11,554 करोड़ रुपये के दान में से 4,188 करोड़ रुपये शिक्षा के लिए दिए गए। यह कुल दान का करीब 36 फीसदी है।

इस सूची में शामिल 219 दानदाताओं में से 200 ने शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दिया। वहीं, 95 लोगों के लिए शिक्षा सबसे प्रमुख सामाजिक उद्देश्य रहा।

स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दिए जाने वाले दान में भी बड़ी बढ़ोतरी हुई। इस क्षेत्र में कुल 1,768 करोड़ रुपये का योगदान किया गया, जो पिछले साल के मुकाबले 82 फीसदी ज्यादा है।

इसके अलावा कला, संस्कृति और विरासत के संरक्षण के लिए 1,377 करोड़ रुपये तथा पर्यावरण और सतत विकास के लिए 813 करोड़ रुपये दान किए गए। पर्यावरण के क्षेत्र में योगदान पिछले साल की तुलना में 86 फीसदी बढ़ा है।

देश में बढ़ी दानदाताओं की संख्या

रिपोर्ट के अनुसार, इस साल सूची में कुल 219 दानदाता शामिल हुए हैं। पिछले साल यह संख्या 192 थी। वहीं, नए दानदाताओं की संख्या भी बढ़कर 45 हो गई, जबकि पिछले साल 12 नए नाम शामिल हुए थे।

महिला दानदाताओं की संख्या भी 24 से बढ़कर 29 हो गई। रोहिणी नीलेकणि 215 करोड़ रुपये के योगदान के साथ देश की सबसे बड़ी महिला दानदाता बनीं। उनके बाद बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार-शॉ ने 93 करोड़ रुपये और अनु आगा तथा उनके परिवार ने 78 करोड़ रुपये का दान दिया।

मुंबई में सबसे ज्यादा 64 दानदाता इस सूची में शामिल हुए, जबकि दिल्ली 41 दानदाताओं के साथ दूसरे और बेंगलुरु 20 के साथ तीसरे स्थान पर रहा। हालांकि, दान की कुल रकम के मामले में दिल्ली पहले नंबर पर रहा। यहां के दानदाताओं ने कुल 3,168 करोड़ रुपये का योगदान दिया।

यह भी पढ़ें- सोने में रेडियम की मिलावट से डरें नहीं! XRF मशीन के सामने नहीं टिकता कोई भी फर्जीवाड़ा, IBJA अध्यक्ष ने बताया सच

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।