सोने में रेडियम की मिलावट से डरें नहीं! XRF मशीन के सामने नहीं टिकता कोई भी फर्जीवाड़ा, IBJA अध्यक्ष ने बताया सच
IBJA अध्यक्ष योगेश सिंगला ने सोने में रेडियम या अन्य धातुओं की मिलावट की वायरल खबरों पर उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की सलाह दी है।

IBJA अध्यक्ष ने सोने में मिलावट पर सतर्क रहने को कहा।
HighLights
IBJA अध्यक्ष ने सोने में मिलावट पर सतर्क रहने को कहा।
आधुनिक हॉलमार्किंग और XRF टेस्ट से मिलावट संभव नहीं।
BIS हॉलमार्क और पक्के बिल से धोखाधड़ी से बचें।
नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर सोने में रेडियम पाउडर या अन्य धातुओं की मिलावट को लेकर वायरल हो रहे वीडियो के बीच ऑल बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA ) के अध्यक्ष योगेश सिंगला ने उपभोक्ताओं से घबराने की बजाय सतर्क रहने की सलाह दी है।
गुरुवार को आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सोने (Gold) में मिलावट की आशंकाएं नई नहीं हैं और पिछले कई दशकों से इस तरह की बातें सामने आती रही हैं। हालांकि वर्तमान समय में हॉलमार्किंग और आधुनिक परीक्षण प्रणालियों के कारण ऐसी मिलावट को आसानी से पकड़ा जा सकता है।
क्या बोले IBJA अध्यक्ष
आईएएनएस से बातचीत में योगेश सिंगला ने कहा कि जब उन्होंने करीब 45 वर्ष पहले ज्वैलरी कारोबार में काम शुरू किया था, तब भी इस तरह की धातुओं के बारे में चर्चाएं होती थीं। उन्होंने बताया कि कुछ निर्माताओं ने अतीत में सोने में इस प्रकार की धातुएं मिलाने को लेकर प्रयोग भी किए थे, लेकिन वे सफल नहीं हुए क्योंकि इन धातुओं को अत्यधिक उच्च तापमान पर पिघलाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि ऐसी धातुएं आमतौर पर तस्करी के जरिए देश में आती हैं और मौजूदा समय में इन्हें सोने में मिलाना आर्थिक रूप से भी लाभकारी नहीं है। यही वजह है कि इस तरह की मिलावट की संभावना बेहद कम है।
पकड़ा जाएगा फर्जीवाड़ा
आईबीजेए के अध्यक्ष ने आगे कहा, "यदि कोई मिलावट करने की कोशिश भी करे तो हॉलमार्किंग सेंटर, फायर असेइंग और एक्स-रे फ्लोरेसेंस (एक्सआरएफ) टेस्ट जैसी आधुनिक जांच प्रणालियां उसे आसानी से पकड़ लेती हैं।"
उन्होंने बताया कि सोने की शुद्धता की जांच के दौरान सोना, चांदी और तांबे के अलावा मौजूद अन्य किसी भी धातु का पता लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा, "करीब 10 वर्ष पहले भी इस तरह की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद एसोसिएशन ने इसके खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया था। उस समय सभी हॉलमार्किंग और टंच केंद्रों को निर्देश दिया गया था कि यदि सोने में सोना, चांदी और तांबे के अलावा कोई अन्य धातु जैसे इरिडियम, रूथेनियम, रेनियम या अन्य तत्व पाए जाते हैं तो उनकी जानकारी जांच रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से दर्ज की जाए।"
उपभोक्ताओं के बीच भ्रम और चिंता का माहौल
योगेश सिंगला ने कहा कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के कारण उपभोक्ताओं के बीच भ्रम और चिंता का माहौल बना है। हालांकि पिछले 45 वर्षों में इस तरह के कई दावे सामने आते रहे हैं और हर बार जांच में वास्तविक स्थिति स्पष्ट हुई है। इसलिए लोगों को अपुष्ट सोशल मीडिया दावों के आधार पर निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए।
उन्होंने आगे उपभोक्ताओं को सलाह दी कि सोना खरीदते समय हमेशा बीआईएस हॉलमार्क वाले आभूषण खरीदें और अधिकृत ज्वैलर से पक्का बिल अवश्य लें। उन्होंने कहा कि हॉलमार्किंग, बिल और प्रमाणित विक्रेता से खरीदारी ही ग्राहकों को किसी भी तरह की धोखाधड़ी या मिलावट से सबसे बेहतर सुरक्षा प्रदान करती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।